रेवाड़ी। जिले के सरकारी स्कूलों में चल रही अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के दूसरे दिन शनिवार को कक्षा छठी से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने निर्धारित विषयों की परीक्षा दी। परीक्षा सुबह 9 बजे से साढ़े 11 बजे तक आयोजित हुई। विद्यार्थियों ने अपने-अपने विषयों की परीक्षा निर्धारित समय में पूरी की।
शनिवार को कक्षा छठी में ड्राइंग व म्यूजिक, कक्षा सातवीं में होम साइंस व कृषि, कक्षा आठवीं में हिंदी और कक्षा नौवीं में एनएसक्यूएफ विषय की परीक्षा हुई। इसी तरह कक्षा दसवीं में संस्कृत, पंजाबी व उर्दू, कक्षा 11वीं में सोशियोलॉजी, बिजनेस स्टडीज व केमिस्ट्री तथा कक्षा 12वीं में गणित, बायो, पॉलिटिकल साइंस व पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन विषय की परीक्षा आयोजित की गई।
परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से विद्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई थी। अधिकारियों ने विद्यालयों का निरीक्षण कर परीक्षा संचालन का जायजा लिया। विभाग के अनुसार, जिले के किसी भी विद्यालय में परीक्षा के दौरान अनियमितता सामने नहीं आई।
परिणाम समय पर अपलोड करने के निर्देश
शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालय मुखियाओं को परीक्षा परिणाम निर्धारित समय पर अवसर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि परिणाम समय पर अपलोड नहीं होने की स्थिति में संबंधित स्कूल मुखिया जिम्मेदार होंगे। विभाग के अनुसार, कई बार शिक्षकों की ओर से परीक्षा परिणाम समय पर पोर्टल पर अपडेट नहीं किए जाने के कारण परिणाम घोषित करने में देरी होती है। इसे देखते हुए स्कूल मुखियाओं को परिणाम समय पर अपडेट करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
सोमवार को इन विषयों की होगी परीक्षा
सोमवार को कक्षा 3 की हिंदी, कक्षा 4 का गणित, कक्षा 5 की हिंदी, कक्षा 6 का गणित, कक्षा 7 का विज्ञान, कक्षा 8 का ड्राइंग व म्यूजिक और कक्षा 9 का गणित विषय की परीक्षा होगी।
वर्जन
जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जा रही हैं। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए विद्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
— राजेंद्र शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी