निरीक्षण के लिए पहुंचे पीएचईडी के एक्सईएन विनय चौहान साथ में पार्षद। स्रोत : पार्षद
रेवाड़ी। शहर में सीवर ओवरफ्लो और जलभराव की शिकायत पार्षदों की ओर से मुख्यमंत्री से किए जाने के बाद जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के एक्सईएन विनय चौहान हरकत में आए और रविवार को वार्ड 22 का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने वार्ड 1, 24 और 32 में सीवर ओवरफ्लो की समस्याओं पर पार्षदों से चर्चा की गई। पार्षदों ने समस्याओं का स्थायी समाधान की मांग की।
निरीक्षण के दौरान वार्ड 1 से पार्षद प्रतिनिधि कमल शर्मा, वार्ड 24 से पार्षद नीरज कुमार, वार्ड 32 से पार्षद मनीष टिकानिया और वार्ड 22 से पार्षद देवेंद्र शर्मा मौजूद रहे। सभी ने अपने-अपने वार्ड में सीवर व्यवस्था और जलभराव से जुड़ी परेशानियों की जानकारी दी।
पार्षदों ने विभाग की ओर से समस्याओं के समाधान को लेकर दी गई रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी थी। उनका कहना था कि कागजों में स्थिति ठीक बताई जा रही है, जबकि जमीनी स्तर पर लोगों को सीवर ओवरफ्लो और जलभराव की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया।
98.18 करोड़ रुपये का एस्टीमेट भेजा
शहर के सीवर नेटवर्क को बेहतर बनाने और नई ड्रेनेज लाइन बिछाने के लिए 98.18 करोड़ रुपये का एस्टीमेट उच्च अधिकारियों को भेजा गया है। प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। प्रस्तावित कार्य पूरा होने पर शहर में सीवर व्यवस्था को मजबूत करने और जलभराव की समस्या कम करने में मदद मिल सकती है। पार्षदों ने मांग की है कि प्रस्तावित परियोजना को जल्द मंजूरी दिलाकर काम शुरू कराया जाए, ताकि शहरवासियों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिल सके।