रेवाड़ी। डीसी अभिषेक मीणा ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), एचएसआरडीसी और मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों को हर हाल में 15 जून तक जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में सड़कों की मरम्मत को लेकर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इसका पालन प्रभावी रूप से किया जाएगा। डीसी ने कहा कि पंचायती राज विभाग की जो सड़कें मार्केटिंग बोर्ड की ओर से बनवाई गई हैं, वह अब जिला परिषद में मर्ज की गई हैं। अधिकारी इन सभी सड़कों का पूरा विवरण उपायुक्त कार्यालय में भिजवाएं। साथ ही हर पथ पोर्टल पर डाले गए विकास कार्यों की पूरी समीक्षा करनी होगी। हर पथ पोर्टल पर डाले गए विकास कार्यों की समीक्षा मुख्यमंत्री कार्यालय से की जा रही है। यह पोर्टल सरकार ने 2017-18 में लॉन्च किया था। इस पोर्टल पर मार्केटिंग बोर्ड और पंचायती राज की सभी सड़कों को अपलोड किया गया है।
डीसी ने बताया कि प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के उद्देश्य से विकसित जीआईएस-आधारित हर पथ एप्लीकेशन का अपग्रेड वर्जन 2.0 को 25 अप्रैल को मुख्यमंत्री की ओर से लॉन्च किया जाएगा। इस पर आमजन प्रदेश में क्षतिग्रस्त सड़कों की शिकायत दर्ज कर सकेंगे। इससे त्वरित निपटान सुनिश्चित करते हुए सड़कें सुधारी जाएंगी।