रेवाड़ी। हरियाणा सरकार ने प्रदेश की विभिन्न नगरपालिकाओं में होने वाले आम चुनावों के लिए सीटों के आरक्षण का ऐलान कर दिया है। यह अधिसूचना शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर से जारी की गई है। इसमें रेवाड़ी नगर परिषद और रेवाड़ी नगर पालिका का भी नाम शामिल है।
अब रेवाड़ी नगर परिषद में 31 की जगह पर 32 और धारूहेड़ा नगर पालिका में 17 की जगह पर 18 वार्ड होंगे। रेवाड़ी नगर परिषद की कुल जनसंख्या 1,62,781 है। इनमें अनुसूचित जाति की जनसंख्या 30407, पिछड़ा वर्ग-ए की 42421 और पिछड़ा वर्ग-बी की 26262 है।
इसके आधार पर नगर परिषद में कुल 32 सीटें निर्धारित की गई हैं। इनमें से छह सीटें अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षित होंगी जिनमें दो सीटें महिलाओं को मिलेंगी। इसी तरह पिछड़ा वर्ग-ए को तीन सीटें (एक महिला सहित) और पिछड़ा वर्ग-बी को चार सीटें (दो महिला सहित) दी गई हैं। कुल मिलाकर 11 सीटें महिलाओं के हिस्से में जाएंगी।
धारूहेड़ा नगर पालिका समिति की 18 सीटें तय की गई हैं। इसकी कुल जनसंख्या 32,888 है। इनमें अनुसूचित जातियों को तीन (एक महिला सहित), पिछड़ा वर्ग-ए को दो (एक महिला सहित) और पिछड़ा वर्ग-बी को भी दो (एक महिला सहित) सीटें दी गई हैं। महिलाओं के लिए कुल छह सीटें आरक्षित की गई हैं।
इस अधिनियम के तहत अमल में लाई गई है पूरी प्रक्रिया
सरकार ने यह आदेश हरियाणा नगर पालिका अधिनियम, 1973 की धारा 10(8) और नगर पालिका वार्ड परिसीमन नियम, 1977 के प्रावधानों के तहत लागू किया है। इसके साथ ही 2013 और 2017 में जारी की गई पुरानी अधिसूचनाओं को निरस्त कर दिया गया है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि सीटों का निर्धारण हरियाणा परिवार पहचान अधिनियम, 2021 के अंतर्गत बने फैमिली इंजर पारिवारिक सूचना डेटा में दर्ज जनसंख्या के आंकड़ों या संबंधित नगर परिषद या पालिका क्षेत्र के पंजीकृत मतदाताओं की संख्या के 140 प्रतिशत में से जो भी अधिक हो, उसके आधार पर किया गया है।
इस प्रक्रिया से यह सुनिश्चित किया गया है कि वास्तविक जनसंख्या के अनुसार ही आरक्षण तय हो सके।
महिलाओं के लिए एक-तिहाई प्रतिनिधित्व किया सुनिश्चित
अधिसूचना के अनुसार अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग-ए, पिछड़ा वर्ग-बी और महिलाओं के लिए सीटें आरक्षित की गई हैं। महिलाओं को विशेष महत्व देते हुए यह प्रावधान किया गया है कि कुल सीटों का कम से कम एक-तिहाई हिस्सा उनके लिए सुरक्षित होगा। इतना ही नहीं, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग की आरक्षित सीटों में भी महिलाओं के लिए कम से कम एक-तिहाई प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है।
वर्तमान में नगर परिषद की प्रधान हैं पूनम यादव
वर्तमान में रेवाड़ी नगर परिषद की प्रधान पूनम यादव हैं। उन्होंने पहली बार प्रधान पद के चुनाव में जीत हासिल की थी। पूनम यादव ने निर्दलीय चुनाव लड़ रहीं पूर्व जिला प्रमुख सतीश यादव की पत्नी उपमा यादव को हराया था। पिछले चुनाव में भाजपा ने प्रधान के साथ-साथ पार्षदों को भी पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ाया था लेकिन 31 वार्डों में केवल 7 प्रत्याशी ही भाजपा के सिंबल पर जीत दर्ज कर पाए थे। वहीं, धारूहेड़ा में दिसंबर 2020 को हुए नगर पालिका चेयरमैन पद के चुनाव में कंवर सिंह यादव ने संदीप बोहरा को हराकर चेयरमैन पद हासिल किया था। जुलाई 2025 में वार्डबंदी को लेकर पांच-पांच सदस्यों की कमेटी का गठन किया गया था।