फोटो: 6रेवाड़ी। कानोड गेट के पास आयोजित बैठक में उपस्थित हरियाणा बिजली पेंशनर्स वेलफेयर एस
रेवाड़ी। हरियाणा बिजली पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन यूनिट रेवाड़ी की कार्यकारिणी की बैठक कानोड गेट के पास यूनिट प्रधान नरेंद्र कुमार रोहिल्ला की अध्यक्षता में हुई। पिछली बैठक के एजेंडे की समीक्षा की गई और नए एजेंडे पर विस्तार से चर्चा कर सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अब मासिक बैठक प्रत्येक माह की 15 तारीख के बजाय 23 तारीख को आयोजित की जाएगी। चूंकि 23 अक्तूबर 2016 को रेवाड़ी यूनिट की स्थापना हुई थी इसलिए इसी दिन बैठक के साथ-साथ स्मृति शेष साथियों को श्रद्धा सुमन भी अर्पित किए जाएंगे।
अशक्त एवं असहाय पेंशनर्स जो बैठक में उपस्थित नहीं हो सकते, उनके लिए कार्यकारिणी के दो-तीन सदस्य उनके निवास पर जाकर समस्याओं का समाधान और उत्साहवर्धन करेंगे।
इसके अलावा संगठन की ओर से हर तीन-चार महीने में स्थानीय अस्पताल में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। समय के अभाव के कारण सचिव एसएन गोयल द्वारा असमर्थता जताने पर प्रभु दयाल को सर्वसम्मति से नया सचिव नियुक्त किया गया।
वहीं खजांची के कार्यभार में सहयोग के लिए विजय कुमार डाबला को सह-खजांची और बाहरी क्षेत्र के लिए बाबूलाल को खजांची अधिकृत किया गया। बैठक में उज्ज्वल स्मारिका के विमोचन के लिए हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव को आमंत्रित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। बैठक में कार्यकारिणी के कई सदस्य उपस्थित रहे।