संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में रिक्त सीटों पर ऑन द स्पॉट दाखिला अब 30 सितंबर तक किया जाएगा। विद्यार्थी ऑनलाइन फार्म भरकर दाखिला ले सकते हैं। जिले में 9 सरकारी आईटीआई के साथ निजी आईटीआई भी संचालित हो रही हैं।
राजकीय महिला आईटीआई में छात्रवृत्ति योजना के तहत सामान्य वर्ग की छात्राओं को 200 रुपये प्रतिमाह वजीफा और टूल किट दी जाती है। वहीं, हरियाणा निवासी छात्राओं की पारिवारिक वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम होने पर उन्हें बालिका प्रोत्साहन राशि 200 रुपये सहित अन्य सुविधाएं मिलती हैं।
संस्थान प्रशासन के अनुसार कुछ विद्यार्थियों ने दाखिला लेने के बाद अब तक रिपोर्ट नहीं की है। कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं और जो विद्यार्थी आठ दिन से अधिक समय से अनुपस्थित हैं, उनके नाम काटने की तैयारी चल रही है। उनकी सीटें रिक्त मानी जाएंगी और उन पर नए दाखिले किए जाएंगे।
विद्यार्थी इन दस्तावेजों के साथ पहुंचे संस्थान : दाखिले के लिए 10वीं, 12वीं का सर्टिफिकेट, परिवार पहचान पत्र, मोबाइल फोन (ओटीपी) के लिए, स्वयं की ई-मेल आईडी, जाति प्रमाण पत्र, रिहायशी प्रमाण पत्र, हरियाणा स्थायी निवासी प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र (6 माह से पुराना मान्य नहीं होगा), इनकम सर्टिफिकेट (चालू वर्ष का होना चाहिए), पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड व आधार कार्ड से लिंक पासबुक जरूरी है।