रेवाड़ी। रेजांगला पार्क के बाहर जमा गंदगी। संवाद
रेवाड़ी। शहर के गढ़ी बोलनी रोड स्थित सेक्टर-19 में बने रेजांगला पार्क की बदहाली किसी से छिपी नहीं है। ऐसा नहीं है कि अधिकारियों को पार्क की बदहाली के बारे में पता नहीं है, लेकिन स्थानीय लोगों व सामाजिक संगठनों की ओर से अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद भी कोई सुधार नहीं हो रहा है। पार्क के मुख्य द्वार पर कचरा डाला जा रहा है। पार्क के अंदर कुर्सियां टूटी पड़ी हैं। शौचालय की भी सुविधा नहीं है।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की तरफ से पार्क की बदहाली को लेकर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में पार्क में घूमने आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। रेजांगला पार्क विकास समिति के मुख्य संरक्षक परमात्मा शरण यादव ने पार्क की समस्याओं को जिला परिवेदना समिति की बैठक में उठाने के लिए जिला उपायुक्त को शिकायत भेजी है।
शिकायत के अनुसार, गढ़ी बोलनी रोड वाले मुख्य द्वारा का गेट टूटा हुआ है। इससे बेसहारा पशु अंदर आ जाते हैं और पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचाते हैं। पार्क के चारों तरफ एचएसवीपी की जमीन पर अवैध झुग्गियां बनी हैं। झुग्गियों में रहने वाले लोग पार्क में गंदगी फैलाते हैं। कई वर्षों से फव्वारे बंद पड़े हैं। कई अवैध गेट बना दिए गए हैं। पार्क में झूले व बेंच भी टूटी हुई है। पार्क में घूमने के लिए बनाया गया ट्रैक टूट गया है। इसके अलावा भी पार्क में कई समस्याएं हैं, लेकिन उनका समाधान नहीं किया जा रहा है।
पार्क में 15 साल से शौचालय की सुविधा भी नहीं है। बताया जाता है कि जब यह पार्क बन रहा था तब भी शौचालय बनाए जाने की प्रशासन से मांग की गई थी, लेकिन इस समस्या को लेकर अधिकारियों के जूं तक नहीं रेंगी और लोगों की मांग धरी रह गई।
वर्जन:
पार्क की बदहाली को लेकर शिकायत आई थी। प्राधिकरण के संबंधित अधिकारियों ने रखरखाव को लेकर निर्देश दे दिए हैं। दीपक घनघस, कार्यकारी अधिकारी एचएसवीपी