संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। रेवाड़ी स्टेशन से बनकर लंबी दूरी की कोई ट्रेन नहीं चलती है जबकि रेवाड़ी होकर गुजरने वाली ट्रेनों में जगह नहीं मिलती है जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यात्रियों का कहना है कि रेवाड़ी से बनकर लंबी दूरी की ट्रेन चले तो लोगों को राहत मिलेगी।
अंग्रेजों के जमाने में सन् 1873 में स्थापित रेवाड़ी रेलवे स्टेशन से बनकर कोई लंबी दूरी की ट्रेन नहीं चलती है। इससे यूपी, बिहार, पंजाब, झारखंड, पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यात्रियों को दिल्ली जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है। यहां रोजाना 100 से अधिक ट्रेनें गुजरती हैं। दिल्ली और जयपुर रूट से जो भी ट्रेनें आती जाती हैं, उनमें इतनी भीड़ होती है कि पैर रखने तक की जगह नहीं मिलती है। त्योहारी सीजन में यात्रियों को अधिक परेशानी होती है।
बावल और धारूहेड़ा औद्योगिक क्षेत्र है। यहां पर 1 लाख प्रवासी श्रमिक कार्य करते हैं। अगर रेवाड़ी स्टेशन से ट्रेनें बनकर चलतीं तो श्रमिकों को फायदा होता। फिलहाल यूपी, बिहार, झारखंड, बंगाल, मध्य प्रदेश जाने वाले श्रमिकों को ट्रेन पकड़े दिल्ली जाना पड़ता है।
रेलवे स्टेशन पर आठ प्लेटफार्म हैं। रेवाड़ी रेलवे जंक्शन से छह अलग-अलग दिशाओं में रेलवे लाइन निकलती है। रेवाड़ी-दिल्ली, रेवाड़ी-अलवर, रेवाड़ी-झज्जर, रेवाड़ी-भिवानी, रेवाड़ी-नारनौल, रेवाड़ी-महेद्रगढ़ और सातवीं लाइन मालगाड़ियों के लिए स्पेशल बनाई हुई है। रोजाना करीब 40 से 50 हजार के आसपास यात्री सफर करते हैं।
करोड़ों की होती है आय, फिर भी बनकर नहीं चलती ट्रेन
वित्त वर्ष 2023-24 में रेवाड़ी जंक्शन उत्तर-पश्चिम रेलवे जोन में आय के मामले में शीर्ष 15 में जगह बनाने में कामयाब रहा था। उत्तर-पश्चिम रेलवे, जयपुर द्वारा जारी की गई विभिन्न रेलवे जंक्शन के आय की सूची में जयपुर जंक्शन प्रथम स्थान पर था। बात हरियाणा राज्य की हो तो उत्तर-पश्चिम रेलवे जोन में रेवाड़ी जंक्शन प्रथम स्थान पर था। रेवाड़ी जंक्शन की आय यात्री आरक्षण प्रणाली तथा अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली से 58 करोड़ 67 लाख 52 हजार 920 रुपये थी। आय के मामले में रेवाड़ी जंक्शन जोन में सातवें स्थान पर रहा। बावजूद यहां से लंबी दूरी की ट्रेनें बनकर नहीं चलती हैं।
इन रूटों पर जाती हैं रेवाड़ी से होकर ट्रेनें
रूट : ट्रेन
रेवाड़ी-जयपुर 35
रेवाड़ी-दिल्ली 55
रेवाड़ी-चंडीगढ़ 4
रेवाड़ी-लखनऊ 8
रेवाड़ी-अहमदाबाद 5
रेवाड़ी-मुंबई 4
रेवाड़ी-जम्मू 3
रेवाड़ी-अमृतसर 4
रेवाड़ी-बीकानेर 3
रेवाड़ी-गोरखपुर 4
रेवाड़ी- न्यू जलपाईगुड़ी 3
-
वर्जन:
होली पर यात्रियों की सुविधा के लिए कई विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसमें लोगों को टिकट मिल रहा है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हर साल स्पेशल ट्रेनों का संचालन होता है ताकि भीड़भाड़ से यात्री बच सकें। कैप्टन शशि किरण, मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी