संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। नेशनल मींस-कम-मेरिट स्कॉलरशिप योजना (एनएमएमएसएस) के तहत 17 नवंबर को परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए शिक्षा विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। परीक्षा में भाग लेने के लिए 25 अक्तूबर तक आवेदन मांगे थे। इस परीक्षा में जिले के 2427 विद्यार्थी शामिल होंगे।
एनएमएमएसएस परीक्षा में चयनित होने वाले विद्यार्थियों को अगले सत्र 2025-26 से कक्षा 9वीं से 12वीं कक्षा तक हर महीने एक हजार रुपये की दर से चार साल तक 12 हजार रुपये की प्रतिवर्ष छात्रवृत्ति दी जाएगी। चयनित विद्यार्थियों के बैंक खाते में सीधे धनराशि आएगी। विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर संबंधित दस्तावेज के साथ आवेदन करना होगा। यह योजना शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली की तरफ से चलाई जा रही है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों का शैक्षिक विकास करना है। स्कॉलरशिप के लिए कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों को एक प्रतियोगिता परीक्षा पास करनी होती है।
एनएमएमएसएस की लिखित परीक्षा दो भागों में आयोजित होगी। पहले भाग में मानसिक योग्यता परीक्षण के तहत एक-एक अंक के दस बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। दूसरा भाग बौद्धिक योग्यता परीक्षण कर रहेगा। इसमें भी एक-एक अंक के 10 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे।
एनएसपी पोर्टल पर करना होगा आवेदन
सूची में नाम आने के बाद विद्यार्थी को छात्रवृत्ति नहीं मिलेगी। इसके लिए चयनित विद्यार्थी को एनएसपी पोर्टल पर आवेदन करना होगा, पोर्टल परीक्षा बाद खुलेगा। विद्यार्थी का नाम मेधा सूची में आने के बाद उसका आय का प्रमाण पत्र प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट या अन्य सक्षम अधिकारी से बनवाकर जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में देना होगा। अनुसूचित जाति या जनजाति के विद्यार्थियों को जाति प्रमाणपत्र बनवाकर ऑनलाइन आवेदन के समय अपलोड करना होगा। यदि ऐसा नहीं किया तो उन्हें सामान्य वर्ग में माना जाएगा।
वर्जन :
एनएमएमएसएस परीक्षा को लेकर विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। जिले में 17 नवंबर को एनएमएमएसएस परीक्षा होगी। प्रवेशपत्र वेबसाइट पर जारी होंगे। विद्यार्थी समय रहते प्रवेशपत्र डाउनलोड करें।-अशोक कुमार नामवाल, (डीएमएस) नोडल अधिकारी, शिक्षा विभाग रेवाड़ी।