नववर्ष पर जश्न की आड़ में हुड़दंग मचाना महंगा पड़ सकता है। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जिले की नाकाबंदी कर सघन जांच अभियान चलाएगी। पुलिस अधीक्षक संगीता कालिया ने बताया कि नववर्ष पर कोई भी घटना या अनहोनी न हो इसके लिए पुलिस ने विशेष प्रबंध किए हैं। शहर के बाजारों, शापिंग सेंटर, मॉल, रिसोर्ट में भी लोगों की भीड़ रहेगी। 31 दिसंबर और एक जनवरी को सभी थाना और चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में विशेष अभियान चलाएंगे। विशेष स्थानों पर नाकाबंदी कर जांच अभियान भी चलाया जाएगा।
सार्वजनिक स्थलों पर रहेगी अतिरिक्त सुरक्षा
बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजारों, शापिंग सेंटर, मॉल, रिसोर्ट के आसपास पुलिस के जवानों की तैनाती रहेगी। पुलिस द्वारा पैदल, राइडर और पीसीआर से गश्त भी की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी विशेष प्रबंध किए हैं। उन्होंने कहा कि हुड़दंग करने वालों को तुरंत काबू कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। ढाबों, होटल, रिसोर्ट, धर्मशालाओं, सराय, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी जांच अभियान चलाया जाएगा।