संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। कांग्रेस नेता ओमप्रकाश डाबला ने सरकार की एक अप्रैल 2025 से लागू की गई नई बिजली दरें और फिक्स्ड चार्ज को प्रदेश की जनता, छोटे और मध्यम उद्योगों के लिए विनाशकारी बताया है। उन्होंने कहा कि यह नीतियां न केवल जनविरोधी हैं, बल्कि आर्थिक रूप से कमर तोड़ने वाली भी है।
उन्होंने कहा है कि हरियाणा में बिजली तीन गुना महंगी हो गई है। सरकार के इस फैसले से उद्योगों का पलायन होगा। सरकार की नई बिजली दरें छोटे उद्योगों, किसानों और आम जनता पर आर्थिक हमला है।
सरकार ने अब 10 किलोवाट से अधिक लोड लेने वाले उपभोक्ताओं पर 250 प्रति किलोवाट प्रति माह का फिक्स्ड चार्ज लगा दिया है। इसका सीधा असर प्रदेश के हजारों छोटे उद्योगों पर पड़ेगा, जिनके पास आमतौर पर 20 से 100 किलोवाट तक का लोड होता है।
उदाहरण के लिए यदि किसी छोटे उद्योग के पास 100 किलोवाट का लोड है तो उसे 25,000 प्रतिमाह केवल फिक्स चार्ज देना होगा यह सरासर अन्याय और आर्थिक शोषण है।
इससे पहले ही प्रदेश सरकार बिजली कंपनियों से लगभग तीन रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली खरीद रही है, लेकिन छोटे उद्योगपतियों को 6.50 से 7.50 प्रति यूनिट दर से बिजली बेची जा रही है। ऊपर से यह भारी भरकम फिक्स्ड चार्ज लगाना एक प्रकार का आर्थिक दमन है।