संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले में 28 जून तक विशेष टीकाकरण सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान वंचित रहे बच्चों को टीका लगाया जाएगा। हर वर्ष 10 प्रतिशत बच्चे टीकाकरण से वंचित रह जाते हैं। इस बार विभाग की तरफ से इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए सीएचसी पीएचसी स्तर पर कड़े निर्देश दिए गए हैं।
यह टीकाकरण अभियान विशेष रूप से ड्रॉपआउट और लेफ्टआउट (जो टीकाकरण से बिल्कुल छूट गए) बच्चों पर केंद्रित है। टीकाकरण के माध्यम से बच्चों को खसरा-रूबेला, पोलियो, डिप्थीरिया, पोलियो, टिटनेस, गलघोटू, काली खांसी, निमोनिया, हेपेटाइटिस-बी, खसरा, रोटा वायरस दस्त, टीबी, मेनिनजाइटिस, जैसी बीमारियों से सुरक्षा प्रदान की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घर-घर जाकर पात्र लाभार्थियों को चिन्हित किया जाएगा और उन्हें टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा। डीसी अभिषेक मीणा ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि अपने बच्चों को बीमारियों से बचाने के लिए समय पर सभी जरूरी टीके अवश्य लगवाएं। एक ही संदेश गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाना है।
इस अभियान को सफल बनाने में आशा वर्करों, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी, जो समुदाय स्तर पर लोगों को जागरूक करेंगे और उन्हें टीकाकरण केंद्रों तक लेकर आएंगे।
डिजिटल टीकाकरण प्रमाण-पत्र की सुविधा भी इस टीकाकरण अभियान के अंतर्गत उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए यू-विन ऐप का उपयोग किया जा सकता है। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए नागरिक अपने क्षेत्र की आशा वर्कर, एएनएम या आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर सकते हैं।
सीएमओ रेवाड़ी ने बताया कि शिविर में बच्चों को खसरा और रूबेला से बचाव के लिए टीके लगाए जाएंगे। इसके अलावा इस विशेष अभियान में बच्चों के वैक्सीन सर्टिफिकेट को केंद्र सरकार के यूविन पोर्टल पर भी अपलोड किया जाएगा। उसके जरिये बच्चों के अभिभावक वैक्सीन सर्टिफिकेट डाउनलोड कर सकेंगे।