सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का अभ्यास करते बच्चे। स्रोत : स्कूल
रेवाड़ी। जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. वसंत सोनी के नेतृत्व में सभी सरकारी एवं गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों में सूर्य नमस्कार का आयोजन किया जा रहा है। इसी के तहत गांव जौनावास स्थित स्कूल में सोमवार को विद्यार्थियों को सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया गया।
आयुष योग सहायक पिंकी यादव और नितिन कुमार ने विद्यार्थियों और स्टाफ को सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाया। इससे होने वाले शारीरिक व मानसिक लाभों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सूर्य नमस्कार में 12 आसनों का समूह शामिल होता है। इनमें प्रणाम आसन, हस्तोतानासन, पादहस्तासन, अश्वसंचालन आसन, पर्वतासन, अष्टांग नमस्कार एवं भुजंगासन प्रमुख हैं। इनमें से पांच आसन दो बार दोहराए जाते हैं।
नियमित अभ्यास से रक्त संचार बेहतर होता है और शरीर मजबूत व ऊर्जावान बनता है। विद्यालय की प्रिंसिपल प्रेमलता शर्मा ने बताया कि स्कूल में समय-समय पर योग से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, जिससे विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास हो सके।