रेवाड़ी। डीसी अभिषेक मीणा ने 3 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) के लिए लघु सचिवालय सभागार में समीक्षा बैठक की। डीसी ने बताया कि 11 केंद्र बनाए गए हैं जिन पर 3788 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुबह 11 बजे शुरू होगा और दोपहर डेढ़ बजे गेट बंद कर दिए जाएंगे। बैठक से पहले नीट परीक्षा के आयोजन को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संबंधित जिलों के डीसी व अन्य अधिकारियों के साथ वीसी कर परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उसके बाद डीसी अभिषेक मीणा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने के साथ-साथ कंट्रोल रूम, हेल्पडेस्क और आपातकालीन व्यवस्थाओं को सक्रिय रखा जाए, ताकि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
बैठक में परीक्षा केंद्रों की तैयारी, केंद्रों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, अभ्यर्थियों के सुगम आवागमन, ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग व्यवस्था, पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती और केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के लिए दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने परीक्षा के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बैठने की उचित व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने विशेष रूप से परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने और परीक्षा की गोपनीयता व निष्पक्षता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बताया कि परीक्षा से जुड़ी किसी भी तरह की अफवाहों व झूठ आदि पर भी नजर रखी जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा, नगराधीश जितेंद्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र हुड्डा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।