संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के राजकीय विद्यालयों में राष्ट्रीय आविष्कार सप्ताह मनाया जाएगा। इसमें कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। इसके लिए एससीईआरटी ने जिले के 15 राजकीय विद्यालयों के लिए 60 हजार रुपये की ग्रांट जारी की है। सभी राजकीय विद्यालय अपनी सुविधा के अनुसार तिथि तय कर राष्ट्रीय आविष्कार सप्ताह मना सकेंगे।
शिक्षा निदेशालय ने राष्ट्रीय आविष्कार सप्ताह मनाने के दिशानिर्देश जारी किए हैं। बताया गया है कि राष्ट्रीय आविष्कार सप्ताह को फरवरी में मनाना होगा। राष्ट्रीय आविष्कार सप्ताह में विद्यार्थी पौधरोपण व जल संरक्षण जैसी गतिविधियों में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य मध्य और माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों के बीच उत्साह पैदा करना और प्रयोग या अन्वेषण के माध्यम से प्रोत्साहित करना है, ताकि वह विज्ञान और गणित में प्रेरित और संलग्न हों। जिले के 15 राजकीय विद्यालयों को चार हजार रुपये की दर से राशि वितरित की गई है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 सीखने में तेजी लाने, वैचारिक समझ और कौशल बनाने के लिए अनुभवात्मक शिक्षा पर जोर देती है। इसके परिणामस्वरूप सीखने की प्रक्रिया में संज्ञानात्मक, मनोप्रेरणा और भावनात्मक सीख के सभी क्षेत्रों का एकीकरण होता है। विद्यार्थियों को अन्वेषण और नवाचार के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें प्रयोग में शामिल करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत सरकार के कार्यक्रम अनुमोदन बोर्ड के अंतर्गत विज्ञान और गणित शिक्षा विभाग, राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद की ओर से यह प्रस्ताव दिया गया है कि राजकीय विद्यालयों में एक सप्ताह को राष्ट्रीय आविष्कार सप्ताह के रूप में मनाया जाए।
राष्ट्रीय आविष्कार सप्ताह के लिए विद्यालय चयनित किए गए हैं। इनमें रेवाडी खंड में पीएमश्री जीएसएसएस बिठवाना, जीएमएसएसएस, बीकानेर और जीएसएसएस हांसाका, बावल खंड में पीएमश्री जीएसएसएस बावल , बावल-जीएम एसएसएसएस नांगल तेजू, बावल-जीएसएसएस सांगवाड़ी जाटूसाना, पीएमश्री जीएसएसएस पाल्हावास, जाटूसाना खंड में जीएसएसएस डीजीपुरा, जीएम एसएसएसएस बीकेपुर को चयनित किया गया है। इसी प्रकार नाहड़ खंड में जीएम एसएसएसएस गुडियानी, जीएम एसएसएसएस नाहड़, जीएसएसएस रतनथल और खोल खंड के जीएम एसएसएसएस कुंड, जीएम एसएसएसएस पीथड़ावास और जीएसएसएस सीहा में राष्ट्रीय आविष्कार सप्ताह मनाया जाएगा।
-
वर्जन
जल संरक्षण व पौधरोपण जैसी गतिविधियों को लेकर विद्यालयों में राष्ट्रीय आविष्कार सप्ताह मनाया जाएगा। इसके लिए एससीईआरटी ने जिले के 15 विद्यालयों के लिए 60 हजार रुपये की ग्रांट जारी की है।-रेनू यादव, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, शिक्षा विभाग रेवाड़ी।