रेवाड़ी। भाजपा प्रत्याशी राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से उनकी लड़ाई क्षेत्र हित व जनहित को लेकर रही है, निजी स्वार्थ के लिए नहीं। क्षेत्र के युवाओं को रोजगार का मामला हो या जल संसाधन में समान बंटवारे का मामला हो उन्होंने हमेशा क्षेत्र हितों की पैरवी की है। उन्होंने बुधवार को अपने चुनाव प्रचार अभियान के तहत रेवाड़ी शहर और कई गांवों को दौरा कर भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील की। राव ने गांव रामगढ़, मीरपुर, सुनारिया, रेलवे रोड, बालाजी मार्केट, सेक्टर 3, कृष्णा नगर सरस्वती विहार सहित कई स्थानों पर जनसभाओं को संबोधित किया।
राव के अपने प्रचार अभियान की शुरुआत मीरपुर गांव से की। यहां राव ने कहा कि उन्होंने हमेशा जनता का वकील बनकर लड़ाई लड़ी इसलिए कुछ मुख्यमंत्री इसे पसंद नहीं कर पाते। उनकी पीठ के पीछे हमेशा जनता खड़ी रही है इसलिए क्षेत्र हित के लिए किसी से दबे नहीं। वाजिब बात मुंह पर कहने की उनकी आदत है।
बसपा जिला अध्यक्ष ने भाजपा की ली सदस्यता
बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष व धारूहेड़ा नगर पालिका अध्यक्ष प्रत्याशी प्रदीप राव मोजम ने भारतीय जनता पार्टी सदस्यता ग्रहण कर राव इंद्रजीत में अपनी आस्था जताई। वहीं, जांगिड़ समाज ने रेवाड़ी की पंजाबी धर्मशाला में समाज के प्रबुद्ध प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर राव को पूर्ण समर्थन का एलान किया। अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा जिला सभा रेवाड़ी की ओर से जिला प्रधान कैलाश चंद जांगिड़ के नेतृत्व मे भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देने का प्रस्ताव पास किया।