रेवाड़ी। गांव तिहाड़ा में करीब चार वर्ष पूर्व गिरदावर सतबीर सिंह की गोली मारकर हत्या करने के मामले में बावल थाना पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जिला गुरुग्राम के बडगुर्जर निवासी सूबे सिंह के रुप में हुई है। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा है। कुछ दिन पहले आरोपी को गुरुग्राम की एसटीएफ ने गिरफ्तार किया था। आरोपी पर हत्या, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न प्रकार के काफी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार गांव तिहाड़ा निवासी गिरदावर सतबीर सिंह 16 जुलाई 2017 की सुबह करीब नौ बजे घर में बैठे खाना खा रहे थे। इसी दौरान स्विफ्ट कार में सवार चार युवक घर पहुंचे। दो युवक कार में ही बैठे रहे, जबकि दो युवक सतबीर सिंह के पास आ गए। युवकों को देखकर सतबीर सिंह ने पत्नी भतेरी देवी को अंदर से कुर्सियां लाने के लिए कहा। वह अंदर गई तो युवकों ने पिस्तौल निकाल कर उन्हें गोलियों से छलनी कर दिया था और कार में सवार होकर फरार हो गए थे। इस मामले में बावल थाना पुलिस ने बेटे पवन कुमार की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने मामले मे संलिप्त आरोपियों का पता लगाकर छह को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में आरोपी सूबे सिंह को अदालत से अनुमति लेकर गिरफ्तार किया है। आरोपी को कुछ दिन पहले सीआईए रेवाड़ी पुलिस ने भोंडसी जेल से रेवाड़ी के किसी अन्य केस में प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई थी।