संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। रेवाड़ी डीएमसी के खिलाफ रेवाड़ी नगर पार्षद एकबार फिर लामबंद होने लगे हैं। बुधवार को नगर परिषद में इक्कठा होकर 31 में से 22 पार्षदों ने बैठक कर डीएमसी द्वारा कराए गए कार्यों की विजिलेंस से जांच कराने की मांग की है। पार्षदों ने इसकी शिकायत विजिलेंस व मुख्यमंत्री को भेजी है। ऐसे में हाउस का दो तिहाई बहुमत भी डीएमसी के खिलाफ माना जा रहा है।
नगर पार्षदों ने शिकायत में डीएमसी की मंशा पर ही सवाल उठाये हैं। उन्होंने कहा कि शहर में कराए जाने वाले विकास कार्यों की फाइलों को डीएमसी ने जानबूझकर लटकाया हुआ है। वह शहर में विकास कार्य नहीं होने देना चाहती हैं। शहर के विकास कार्यों की फाइलों को पिछले छह माह से लटकाया हुआ है। बतादें कि नगर पार्षद व डीएमसी के बीच लंबे समय से तनातनी का खेल चल रहा है। पार्षदों की ओर से कई बार डीएमसी द्वारा अभद्रता करने का भी आरोप लगाए जा चुके हैं। पार्षदों ने नगर परिषद परिसर में धरना डरना भी दिया था। इस बीच सदन की कार्यवाई सही तरीके से चल सके इस बात के मद्देनजर डीसी अशोक कुमार गर्ग भी हाउस की बैठक में हिस्सा ले चुके हैं।