आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय की टीम एक दिन में स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 (एसएस2020) कर चलती बनी। शहरवासियों को भनक तक भी नहीं लगी। जबकि टीम द्वारा बाजार सहित शहर के 31 वार्डों में जाकर स्वच्छता के बारे में लोगों से प्रश्न पूछे जाने थे।
बता दें कि टीम के तीन सदस्य 8 व 9 जनवरी को धारूहेड़ा नगर पालिका, 10 व 11 को बावल नगर पालिका में सर्वे करने पहुंचे। बड़ा सवाल यह है कि एक टीम के ये लोग रविवार को शहर के 31 वार्ड में कैसे सर्वे पूरा कर लिए। ऐसे में अब शहरवासी 31 जनवरी तक अपने शहर की देश भर में रैंकिंग सुधारने के लिए पोर्टल व एप पर सिटीजन फीडबैक दे सकते हैं। बता दें कि कुल 6000 हजार अंकों वाले एसएस 2020 में सर्वेक्षण में पब्लिक फीडबैक के 1500 अंक निर्धारित हैं। ये अंक जनता के फीडबैक के आधार पर शहर को मिलेंगे। लोग स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन सर्वे में फीडबैक दे सकते हैं। रेवाड़ी-एप और वोट फॉर माय सिटी एप को डाउनलोड करके भी लोग अपना फीडबैक दे सकते हैं।
10 दिन में महज 42 लोगों ने दिया फीडबैक
रेवाड़ी नगर परिषद की करीब दो लाख की आबादी वाले 31 वार्डों के शहरवासियों की बात करें तो 4 जनवरी से शुरू हुए एसएस- 2020 में अभी तक महज 42 लोगों ने सिटीजन फीडबैक दिया है। धारूहेड़ा नपा में दो व बावल नपा में महज एक व्यक्ति ने फीडबैक दर्ज कराया है।
बावल में महज 18 लोगों ने किया वोट फॉर योर सिटी एप डाउनलोड
बावल नपा में टीम की ओर से सीधा सर्वे किया जा चुका है, लेकिन अब यहां पर पोर्टल व एप के माध्यम से फीडबैक दिया जा सकता है। लेकिन जागरूकता के अभाव में बावल में महज 18 लोगों ने वोट फॉर योर सिटी एप डाउनलोड किया है। धारूहेड़ा नपा में 117 व रेवाड़ी नगर परिषद में अभी तक 423 लोग इस एप को डाउनलोड कर चुके हैं।
आईवीआर में रेवाड़ी सहित तीनों निकाय फीसड्डी
1969 पर कॉल कर भी स्वच्छता के बारे में फीडबैक देने की सुविधा मौजूद है। लेकिन इस मामले में रेवाड़ी नगर परिषद के साथ धारूहेड़ा व बावल नगर पालिका तीनों फीसड्डी हैं। यहां पर एक भी व्यक्ति ने इस नंबर पर कॉल कर फीडबैक नहीं दिया है।
अब फीडबैक के लिए इन पर दें ध्यान
1. सर्वेक्षण टीम सीधे लोगों से बात करती है, शहर से टीम सर्वे कर जा चुकी है।
2. स्वच्छता एप या रेवाड़ी-एप से
3. वोट फोर माय सिटी एप से
4. टोल फ्री नंबर 1969 पर कॉल करके
5. सर्वेक्षण टीम के कॉल आपके फोन पर आएंगे।
पूछे जाएंगे ये सवाल
1. क्या आपको जानकारी है कि आपका शहर स्वच्छ सर्वेेक्षण 2020 में हिस्सा ले रहा है।
2. आप अपने आस पड़ोस की सफाई के स्तर पर अपने शहर को 0-10 अंकों के पैमाने पर कितने अंक देना चाहेंगे।
3. आप अपने व्यवसायिक/ सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई के स्तर पर अपने शहर को 0-10 अंकों के पैमाने पर कितने अंक देना चाहेंगे।
4. क्या आपसे कूड़ा लेने के लिए आने वाल व्यक्ति हमेशा सूखा व गीला कूड़ा अलग-अलग करके देने के लिए कहता है।
5. क्या आपको शहर में सड़कों के डिवाइडर/ बीच की जगह पर्याप्त रूप से पेड़-पौधों से ढकी हुई मिलती है।
6. आप अपने शहर के सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई के स्तर पर अपने शहर को 0- 10 में से कितने अंक देंगे।
7. क्या आप अपने शहर की ओडीएफ की स्थिति के बारे में जानते हैं।
8. क्या आप अपने शहर का गार्बेज फ्री सिटी स्टार रेटिंग जानते हैं।
सीएम के कार्य में व्यस्त थे, हमें भी नहीं दी जानकारी : ईओ
ईओ मनोज यादव ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण टीम रविवार को अपना सर्वे पूरा कर जा चुकी है। संभवत: टीम शनिवार को ही शहर में आ गई थी। लोगों को जागरूकता के सवाल पर ईओ ने कहा कि शहर में होर्डिंग्स आदि लगवाई गई है। अब लोग पोर्टल व एप के माध्यम से फीडबैक दे सकते हैं।