फिल्ड में उतरी नगर पालिका की टीम। स्रोत : प्रशासन
धारूहेड़ा। नगर पालिका धारूहेड़ा की ओर से शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए लगातार तीसरे दिन भी अभियान चलाया गया। नगर पालिका सचिव सुमित ने दुकानों के बाहर सामान रखने और सड़कों पर रेहड़ी लगाने वालों को चेतावनी दी।
बीआई सुशील के नेतृत्व में बुधवार सुबह नगर पालिका की टीम मैदान में उतरी। टीम ने विभिन्न स्थानों पर दुकानदारों को समझाते हुए निर्धारित सीमा में ही सामान रखने के निर्देश दिए। साथ ही दुकानदारों को हिदायत दी गई कि वे अपनी दुकानों के बाहर रेहड़ियां न लगवाएं और सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें।
अधिकारियों ने कहा कि सड़कें आम लोगों के आवागमन के लिए हैं। दुकानों के बाहर सामान रखने और रेहड़ियां खड़ी करने से सड़कें संकरी हो जाती हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। अभियान का उद्देश्य धारूहेड़ा में आने-जाने वाले लोगों को अतिक्रमण मुक्त और जाम रहित सड़कें उपलब्ध करवाना है।
टीम ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि वे स्वयं अतिक्रमण हटा लें। इसके बावजूद यदि कोई दुकानदार नियमों की अनदेखी करता है तो आगामी कार्रवाई में अतिक्रमण के रूप में रखा सामान जब्त करने के साथ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।