कुंड। मनेठी गांव के प्रवक्ता मुकेश यादव आगामी 5 से 8 नवंबर तक छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाले अध्यापक विज्ञान सम्मेलन में हरियाणा राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश और विदेश से आए वैज्ञानिक अपने शोध प्रस्तुत करेंगे। इसी मंच पर मुकेश यादव भी अपने शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे, जो नई शिक्षा नीति 2020 पर आधारित है।
उनका शोध विद्यार्थियों में जिज्ञासा और अनुभव आधारित अधिगम को बढ़ावा देने पर केंद्रित है, जिसमें छात्र स्वयं अनुभव के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया को अपनाते हैं। प्रवक्ता मुकेश यादव इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और उनके निर्देशन में कई विद्यार्थी राज्य और राष्ट्रीय स्तर के शोध कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में उनके नवाचार और मार्गदर्शन के कारण उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मुकेश यादव का कहना है कि शिक्षा तभी प्रभावी हो सकती है जब विद्यार्थी केवल रटने के बजाय सीखने को एक अनुभव के रूप में अपनाएं। रायपुर में होने वाला यह सम्मेलन उनके अनुभव और शोध को राष्ट्रीय स्तर पर साझा करने का एक सुनहरा अवसर साबित होगा।