संवाद न्यूज एजेंसी
कोसली। क्षेत्र में बिजली निगम की ओर से खंभों पर लगाए गए मीटर देखरेख के अभाव में बदहाल हो गए हैं। अधिकतर मीटर टूट कर लटक गए हैं। इसके चलते मीटरों के संपर्क में आने पर करंट लगने का डर बना रहता है।
बिजली चोरी रोकने के लिए चार वर्ष पूर्व घरों के अंदर लगे मीटरों को बाहर निकालकर खंभों पर लगाया गया था। अब मीटरों की दशा खराब होने से उपभोक्ता काफी परेशान हैं। टूटकर लटक रहे अधिकतर मीटरों के तार नंगे हो गए हैं जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
राजेश, सुनील और विकास ने बताया कि ज्यादातर मीटर बॉक्स टूट चुके हैं। इससे पास से गुजरते वक्त करंट लगने डर बना रहता है। खासतौर से तंग गलियों में खंभों पर लगे मीटर के संपर्क में आने की आशंका बनी रहती है।
गली से निकलते समय मीटर से छूने का हमेशा भय बना रहता है। खंभों पर मीटर काफी नीचे लगे होने के कारण खेलते समय बच्चों को भी खतरा बना रहता है।
कोसली शहर के आसपास की कॉलोनियों की बात करें तो निगम की ओर से मीटर शिव कॉलोनी, सैनिक कॉलोनी, नई बस्ती, जुड़ी रोड, विश्वकर्मा कॉलोनी समेत अन्य कॉलोनियों में खंभों पर लगे मीटर बदहाल हो चुके हैं।
बॉक्सों का आगे का हिस्सा ही टूट चुका है। कुछ बॉक्स की हालत तो इतनी खस्ताहाल है कि पोल से बॉक्स लटक रहे हैं। ऐसी स्थिति में कभी भी कोई दुर्घटना होने का भय बना हुआ है। बावजूद इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
खंभों पर टूट कर लटक रहे मीटर के चलते बारिश के मौसम में करंट लगने का खतरा बना रहता है। इसके बाद भी इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
वर्जन
खंभों पर लगाए गए बिजली के मीटर बॉक्स जर्जर होने की बात संज्ञान में है। जल्द ही क्षतिग्रस्त मीटर बॉक्स बदलवा दिए जाएंगे। लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।-विजयपाल, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम कोसली