संवाद न्यूज एजेंसी
नांगलमूंदी। भारतीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल नांगलमूंदी में आयोजित तीन दिवसीय खेल उत्सव सीबीएसई नॉर्थ जोन-2 हैंडबॉल (बालक वर्ग) प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के विभिन्न विद्यालयों के 1000 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।
भारतीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्पर्धा का उद्घाटन मुख्य अतिथि एसपी आरटीसी भोंडसी उपासना ने किया। समापन समारोह में आईएएस बलप्रीत सिंह और आईपीएस उपासना ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। विद्यालय प्राचार्य कमल सिंह ने कहा कि विद्यालय में चार राज्यों के खिलाड़ियों का जुटना गर्व का विषय है।
विद्यालय प्रबंधन ने प्रतियोगिता के सफल संचालन में अहम भूमिका निभाने वाले कोच जसमेर सिंह व आनंद कुमार, सभी निर्णायकों और सीबीएसई प्रेक्षक को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। विद्यालय खेल प्रभारी दीपक यादव ने कहा कि ये खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर पर हमारे क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे।
हैंडबाल प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 तीन आयु वर्गों में मैच आयोजित किए गए। इसमें हरियाणा, पंजाब, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर से आई टीमों ने अपने- अपने खेल कौशल का भरपूर प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने जहां तेज दौड़, सटीक पासिंग और दमदार शॉट्स से दर्शकों को रोमांचित किया, वहीं गोलकीपरों ने शानदार बचाव कर तालियां बटोरीं।
अंडर-19 वर्ग में मेज़बान भारतीय स्कूल, नांगलमूंदी ने शानदार खेल के दम पर प्रथम स्थान हासिल किया। नव ज्योति स्कूल, झज्जर को द्वितीय स्थान से संतोष करना पड़ा, जबकि शाह सतनाम जी स्कूल, सिरसा और हिंदू पब्लिक स्कूल, हिसार ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अंडर-17 वर्ग में एसजीएन स्कूल झज्जर ने बेहतरीन खेल दिखाकर प्रथम स्थान पाया। शाह सतनाम जी स्कूल, सिरसा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि राजेंद्र स्कूल, सिधरावली और एच.डी. स्कूल, साहलावास ने संयुक्त तीसरा स्थान प्राप्त किया।
अंडर-14 वर्ग के मुकाबले भी उतने ही रोमांचक रहे। इस श्रेणी में एचडी स्कूल, झज्जर ने प्रथम स्थान, बीआरपीएस स्कूल, झज्जर ने द्वितीय स्थान और एसजीएन स्कूल, झज्जर एवं एसएससी एकेडमी, भोड़ाकलां ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।