संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई ) में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई। पहले दिन दाखिले के लिए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में 100 से अधिक आवेदन आए। पोर्टल सुचारू रूप से चला जिससे विद्यार्थियों को परेशानी नहीं हुई।
सभी सरकारी व निजी आईटीआई में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, ताकि आवेदन करने आने वाले छात्र व छात्राओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो सके। विद्यार्थी हेल्प डेस्क पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
आईटीआई संस्थानों में ऑनलाइन आवेदन 20 जून तक होंगे। जिले में 23 राजकीय व निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हैं। इन संस्थानों में विभिन्न व्यवसाय की करीब छह हजार सीटें हैं। महिला आईटीआई संस्थान में अलग-अलग ट्रेडों की 240 सीटें हैं।
छात्रवृत्ति स्कीम के तहत जनरल वर्ग की छात्राओं को 200 रुपये प्रतिमाह वजीफा के साथ ही टूल किट दी जाती है। हरियाणा निवासी छात्राएं जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय 3 लाख से कम हैं, उनको बालिका प्रोत्साहन राशि 200 रुपये सहित अन्य सुविधाएं दी जाती हैं।
-
आवेदन के समय ये दस्तावेज लाएं
आईटीआई में दाखिले के लिए 10वीं, 12वीं का प्रमाणपत्र, परिवार पहचान पत्र, मोबाइल फोन (ओटीपी) के लिए, स्वयं की ई-मेल आईडी, जाति प्रमाण पत्र, हरियाणा स्थायी निवासी प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र (6 माह से पुराना मान्य नहीं होगा), आय प्रमाणपत्र (चालू वर्ष का होना चाहिए), पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड और आधार कार्ड से लिंक पासबुक जरूरी है।
राजकीय आईटीआई में विभिन्न ट्रेड में सीट
राजकीय आईटीआई रेवाड़ी : कोपा ट्रेड में 48, इलेक्ट्रिशियन में 60, इलेक्ट्रोनिक मैकेनिक में 24, फिटर में 40, हाउसकीपर में 24, मशीनिस्ट में 20, मोटर मैकेनिक व्हीकल में 24, पेंटर जनरल में 20, प्लंबर में 48, आर एंड एसी में 48, शीट मेटल में 40, स्टेनोग्राफर हिंदी में 40, इलेट्रॉनिक्स में 48, वेल्डर में 40, टर्नर में 20, वायरमैन में 20 और टूल एंड डाई मेकर ट्रेड में 24 सीटें हैं।
राजकीय आईटीआई खरखड़ा : कोपा में 24, इलेक्ट्रिशियन में 20, फिटर में 20, मोटर मैकेनिक व्हीकल में 24, वेल्डर में 20, सोलर टेक्नीशियन में 20, प्लंबर में 24, सीविंग टेक्नालॉजी में 20 सीटें हैं।
राजकीय महिला आईटीआई रेवाड़ी : कोपा में 48, इलेक्ट्रिशियन में 20, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक में 24, कास्मेटोलाजी में 48, ड्रेस मेकिंग में 40, कटाई एवं सिलाई में 40 और कढ़ाई एवं सुई कार्य में 20 सीटें हैं।
राजकीय आईटीआई कोसली : कोपा में 48, कास्मेटोलाजी में 24, ड्रेस मेकिंग में 20, इलेक्ट्रिशियन में 40, फिटर में 40, फायर टेक्नोलाजी मैनेजमेंट में 24, मशीनिस्ट में 40, डीजल मैकेनिक में 48, प्लंबर में 48, स्टेनोग्राफर हिंदी में 24, स्टेनोग्राफर अंग्रेजी में 24, वेल्डर में 40 और वायरमैन में 20 सीटें हैं।
-
वर्जन
आईटीआई में दाखिले के लिए शुक्रवार से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए आईटीआई संस्थानों में हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। यहां सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विद्यार्थी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।-सुरेंद्र सिंह, प्राचार्य, राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रेवाड़ी।