रेवाड़ी। केंद्र सरकार ने बुधवार को पीएम पोषण के तहत मध्याह्न भोजन के लिए सामग्री लागत में संशोधन किया है। संशोधित लागत के अनुसार प्रति बच्चा प्रतिदिन बाल वाटिका और प्राइमरी विद्यालयों के लिए 5.45 रुपये से बढ़ाकर 6.19 रुपये डाइट कर दी गई है। इसी तरह उच्च प्राइमरी में प्रति बच्चा प्रतिदिन 8.17 रुपये से बढ़ाकर 9.29 रुपये डाइट की गई है। उच्च प्राइमरी में विद्यार्थियों की डाइट में 1.12 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
यह लागत केंद्र और राज्य सरकार दोनों द्वारा 60:40 के अनुपात में वहन की जाएगी। अधिकारियों को 1 दिसंबर से त्वरित कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए सामग्री लागत में वृद्धि को सभी संबंधितों तक पहुंचाने के लिए कहा गया है। बता दें कि राजकीय विद्यालयों में पहली से आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को दोपहर का भोजन दिया जाता है। जिले के 638 विद्यालयों में 30 हजार विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलता है।
इस योजना को लाने का मुख्य उद्देश्य गरीब तबके के छात्रों को स्कूल में ही पढ़ाई के लिए प्रोत्साहन देना और उनकी स्वस्थ दिनचर्या का ध्यान रखना है। मिड-डे-मील योजना के तहत राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के आहार प्रदान किया जाता है। राजमा चावल, पूरी पकौड़ी, हलवा काला चना, पराठा, मीठी दलिया, सोया पुरी से लेकर फल व दूध विद्यार्थी के डाइट में शामिल हैं।
सर्दी के मौसम का होगा शेड्यूल जारी
सर्दी का मौसम आने के बाद विद्यार्थियों भोजन में बदलाव किया जाता है। फिलहाल अभी विद्यालयों में गर्मियों के अनुसार ही विद्यार्थियों को भोजन परोसा जा रहा है। विभाग का कहना है कि जल्द ही विद्यालयों में सर्दियों के मौसम के अनुसार खाने का शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा, ताकि मिड-डे-मील में कर्मचारी अपने स्तर पर ही विद्यार्थियों को भोजन बनाकर न परोसे।
सभी विद्यालयों के लिए है एक दुकान चिह्नित
मिड-डे-मील की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विभाग ने सभी विद्यालयों के लिए एक दुकान चिह्नित किया है, ताकि वहीं से राशन उठाया जा सके। साथ ही यह भी तय किया गया है कि मिड-डे-मील में प्रयोग सरसों का तेल हैफेड से खरीद वाले राशन बंद पैकेट का ही होना तय किया गया है।
-
वर्जन :
विद्यालयों में विद्यार्थियों को दिए जाने वाले मिड-डे-मील की राशि में बढ़ोतरी की गई है, जिसे आगामी माह से लागू किया जाएगा। इसके साथ ही जल्द ही निदेशालय की ओर से आदेश के बाद खाने के शेड्यूल में भी परिवर्तन किया जाएगा। मौसम को देखते हुए विद्यार्थियों को मोटा अनाज परोसा जाएगा।
-अली अहमद, जिला प्रभारी मिड-डे मील, रेवाड़ी।