रेवाड़ी। रीजनल सेंटर कृष्ण नगर में विश्व जल दिवस पर विज्ञान विभाग की ओर से पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें शामिल छात्राओं ने पोस्टर के माध्यम से जलसंरक्षण का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा अदिति, मनीषा, अंजलि, आरती और द्वितीय वर्ष की मनोरमा, टीना, मनीषा, पिंकेश सहित अन्य छात्राओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से जल बचाने का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. यशपाल शर्मा के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है और सभी को इसके प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी ऐसे अभियानों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि पृथ्वी पर पीने योग्य जल बहुत सीमित है, इसलिए समाज को जल बचाने के लिए गंभीर प्रयास करने होंगे। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि घरेलू स्तर पर जल संरक्षण की शुरूआत की जा सकती है।
इस मौके पर सुनीता यादव, डॉ. प्रदीप, डॉ. सोनिया यादव, डॉ. पूजा, सचिन यादव, धीरज यादव, सनिता यादव और मधु बाला उपस्थित रहीं।