मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपते अध्यापक। स्रोत : संघ
बावल। हरियाणा अनुसूचित जाति राजकीय अध्यापक संघ के जिला प्रधान सुमेर सिंह के नेतृत्व में अध्यापकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। अध्यापकों ने सरकार से मांगों को जल्द पूरा करने तथा विभागीय विसंगतियों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की मांग की।
जिला प्रधान सुमेर सिंह ने बताया कि अधीक्षक के माध्यम से सरकार को मांगों से संबंधित ज्ञापन भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पदोन्नति में आरक्षण लागू किया जाना चाहिए और विभागों में व्याप्त विसंगतियों को दूर किया जाए। इसके साथ ही नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू कर रिक्त पदों को भरा जाए।
उन्होंने पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों और अध्यापकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को मिलने वाली छात्रवृत्ति और प्रोत्साहन राशि समय पर प्रदान की जानी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
सुमेर सिंह ने कहा कि हजरस लगातार विद्यार्थियों और अध्यापकों की मांगों को लेकर आवाज उठाता रहा है। उन्होंने सरकार से सभी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने और अध्यापकों की विभागीय विसंगतियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने की अपील की।
इस अवसर पर विक्रम सिंह, ईश्वर सिंह, नवीन कुमार, रामचंद्र, सतीश, पन्नीलाल, रमेश अहरोड़िया, मोहन और सत्यप्रकाश मौजूद रहे।