रेवाड़़ी। भगवान महावीर विद्यापीठ की नई प्रबंधन समिति के सदस्यों ने रविवार को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ ली। सदस्यों ने देव दर्शन व भक्तांबर पाठ करके अपनी नई पारी की शुरुआत की। सभी ने अतिशय क्षेत्र नसियां जी में भगवान शांतिनाथ को नमन किया।
मीडिया प्रभारी गोपाल शर्मा ने बताया कि श्रीप्रणम्य सागर मांगलिक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत भगवान महावीर के चित्र के समक्ष दीपार्चन व मंगलाचरण से हुई। स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत, संगीत तथा शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किया। प्रधानाचार्या सोनल छाबडा ने सभी का अभिनंदन किया।
जैन समाज के प्रधान महेंद्र जैन ने सभी निर्वाचित सदस्यों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने समस्त कार्यकारिणी को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। सीए मोहित जैन ने प्रधान, सीमा जैन ने उपप्रधान, अमित जैन ने सचिव, प्रवीण जैन ने सहसचिव व प्रबंधक, सचिन जैन ने कोषाध्यक्ष और निपुण जैन, प्रद्युम्न जैन, रविंद्र जैन व विजय जैन ने शासकीय निकाय सदस्य के रूप में शपथ ली।
सीए मोहित जैन ने कहा कि आभार, आशीर्वाद व आगाज के साथ यह नई यात्रा की शुरूआत है। सामाजिक विश्वास, सेवा व सादगी के साथ संस्कार पोषित व नवाचार आधारित शिक्षा प्रदान करना हमारी टीम का सामाजिक दायित्व है । इस पर हम खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उपाध्यक्ष श्रीमती सीमा जैन, सचिव अमित जैन, प्रबंधक प्रवीण जैन तथा कोषाध्यक्ष सचिन जैन ने श्रेष्ठ शिक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया। उपप्रधान अरविंद जैन, कोषाध्यक्ष अजय जैन व पूर्व प्रधान पीके जैन ने सभी को बैज लगाकर दायित्व सौंपा।
निर्वाचन अधिकारी विवेक जैन एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी नितिन जैन के लिए अभिनंदन पत्र प्रस्तुत किया गया। विद्यालय की पूर्व शिक्षिका एवं भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना पोपली, प्रधानाचार्या किरण यादव, राकेश शर्मा, अनीता सुल्तानिया व नीतू ग्रोवर ने नये प्रधान को गुरु के रूप में साधुवाद दिया।