बावल। ऑनलाइन दवाइयों की बिक्री के विरोध में मेडिकल स्टोर संगठनो की ओर से एक दिवसीय बंद का ऐलान किया गया है। बावल मेडिकल स्टोर एसोसिएशन के प्रधान रविंद्र ने बताया कि क्षेत्र के सभी मेडिकल स्टोर एक दिन के लिए बंद रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री के बढ़ते चलन से स्थानीय मेडिकल व्यवसाय प्रभावित हो रहा है, जिससे छोटे दुकानदारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है।
प्रधान रविंद्र ने बताया कि मेडिकल स्टोर संचालकों की लंबे समय से मांग रही है कि ऑनलाइन दवाइयों की बिक्री को नियंत्रित किया जाए और इसके लिए सख्त नियम बनाए जाएं। उनका कहना है कि बिना उचित निगरानी के ऑनलाइन दवा बिक्री से मरीजों की सुरक्षा से जुड़े सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस विरोध कार्यक्रम के तहत क्षेत्र के मेडिकल संचालकों से सहयोग की अपील की गई है। संगठन का कहना है कि यह बंद किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि मेडिकल व्यवसाय और दवा वितरण व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को सरकार तक पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।