फोटो : 5आरोपी, बीरसिंह। स्रोत : पुलिस
रेवाड़ी। थाना सदर पुलिस ने एमटीपी (मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी) किट अवैध रूप से बेचने पर मेडिकल स्टोर संचालक गांव राजपुरा खालसा निवासी बीरसिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
25 मई को स्वास्थ्य विभाग ने एक टीम का गठन करके गांव किशनगढ़ के यादव मेडिकल स्टोर पर छापा डाला था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने योजना के तहत एक नकली ग्राहक बनाकर मेडिकल स्टोर संचालक के पास भेजा। मेडिकल संचालक बीरसिंह ने 1 हजार रुपये लेकर एमटीपी की किट दे दी, जिसके बाद टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। मेडिकल स्टोर को स्वास्थ्य विभाग टीम ने सील कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सदर रेवाड़ी में एमटीपी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला किया है।