रेवाड़ी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने वर्ष 2027 में होने वाली 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर विषयवार अंक विभाजन जारी कर दिया है। इसके तहत विद्यार्थियों को अब बोर्ड परीक्षा की तैयारी लिखित परीक्षा के साथ-साथ प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट को ध्यान में रखकर करनी होगी। बोर्ड ने सभी विषयों के लिए थ्योरी, प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और इंटरनल असेसमेंट के अंक निर्धारित किए हैं।
बोर्ड के अनुसार, प्रत्येक विषय के कुल अंक 100 होंगे लेकिन अलग-अलग विषयों में इनका विभाजन अलग रहेगा। मुख्य विषयों में 80 अंक की लिखित परीक्षा और 20 अंक का इंटरनल असेसमेंट निर्धारित किया गया है।
वहीं, विज्ञान और अन्य प्रायोगिक विषयों में 70 अंक की थ्योरी और 30 अंक का प्रैक्टिकल होगा। व्यावसायिक विषयों में भी थ्योरी और प्रैक्टिकल के लिए अलग-अलग अंक निर्धारित किए गए हैं।
विंटर बाउंड स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं 9 नवंबर से शुरू हो चुकी हैं, जो 19 दिसंबर तक चलेंगी। वहीं, नियमित सत्र वाले स्कूलों में 1 जनवरी से 13 फरवरी तक प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और इंटरनल असेसमेंट की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अंक अपलोड करने में गलती की गुंजाइश होगी कम
सीबीएसई ने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट के अंक निर्धारित सीमा के अनुसार ही दर्ज किए जाएं। बोर्ड का उद्देश्य मूल्यांकन प्रक्रिया में होने वाली तकनीकी गलतियों को कम करना है। कई बार स्कूलों की ओर से अंक अपलोड करते समय निर्धारित सीमा का ध्यान नहीं रखा जाता, जिसके कारण बाद में संशोधन की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। नए निर्देशों से स्कूल प्रबंधन, विषय अध्यापकों और परीक्षकों को अंक अपलोड करने से पहले निर्धारित सीमा का मिलान करना होगा।
वर्जन :
सीबीएसई की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी स्कूलों को निर्धारित समय सीमा में प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। विषयवार अंक विभाजन के अनुसार ही विद्यार्थियों के अंक पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। स्कूलों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है कि अंक अपलोड करते समय निर्धारित सीमा का ध्यान रखें, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी या मूल्यांकन संबंधी गलती न हो। इससे परीक्षा परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया भी सुचारु रहेगी।-विक्रम यादव, जिला कॉर्डिनेटर सीबीएसई।