रेवाड़ी के बावल स्थित एक ऑटो मोबाइल कंपनी में काम करते वक्त एक युवक की मशीन में फंसने से मौत हो गई। युवक मशीन ऑपरेटर था। सूचना के बाद कसौला थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया व पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, यूपी के फर्रुखाबाद निवासी सतेंद्र (27) बावल औद्योगिक क्षेत्र स्थित रिको कंपनी में बतौर ऑपरेटर कार्यरत था। सोमवार की रात वह नाइट शिफ्ट में कंपनी में पहुंचा था। मंगलवार तड़के ड्यूटी खत्म होने से पहले वह मशीन पर काम कर रहा था। इसी दौरान वह मशीन के अंदर फंस गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
साथी कर्मचारियों ने तुरंत मशीन बंद कर उसे बाहर निकाला और लहुलुहान अवस्था में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना के बाद अस्पताल पहुंची कसौला थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है। साथ ही हादसे की सूचना सतेंद्र के परिजनों को दी गई है। सतेंद्र के परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम होगा। कसौला थाना पुलिस ने बताया कि सतेंद्र के परिजनों के बयान पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हादसे की जांच की जा रही है।