रेवाड़ी। साइबर थाना पुलिस ने ओटीपी पूछकर क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाने के नाम पर खाते से 1 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में यूपी के जिला कानपुर के गांव दीपापुर निवासी आयूष तिवारी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के बैंक खाते में ठगी की रकम 1 लाख रुपये ट्रांसफर हुई थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एसपी कार्यालय की विज्ञप्ति के अनुसार बीते वर्ष 6 जुलाई को गांव श्याम नगर निवासी मिन्नू कुमार ने शिकायत में बताया था कि उनका खाता कोटक महिंद्रा बैंक में है। 1 जुलाई को वह काम में व्यस्त थे। इसी बीच उनके पास एक नंबर से दो-तीन बार फोन आया।
फोन करने वाले ने उनसे क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाने के नाम पर आए ओटीपी को बताने को कहा। बार-बार फोन आने के कारण उन्होंने ओटीपी बता दिया। इसके बाद उनके खाते पर 2 लाख रुपये का लोन ले लिया गया।
उनके खाते में लोन के 199810 रुपये जमा हुए जिसमें से 1 लाख रुपये तुरंत दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए गए। फोन पर मैसेज आने के बाद उन्होंने अपने खाते में जमा बाकी राशि तुरंत दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिया।