रेवाड़ी। राजस्थान के महतावास गांव में पॉजिटिव केस सामने आने के बाद कुंड-मनेठी सहित 6 गांव को कंटेनमेंट जोन में रखा हुुआ है। ऐसे में इस क्षेत्र में अनेक पाबंदियां भी लगी हुई है, सोशल डिस्टेंसिंग तो कंटेनमेंट जोने के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी जरूरी है। लेकिन सोमवार को सम्मान समारोह के नाम पर कुंड आईटीआई में भीड़ जुटाकर जिम्मेदारों ने कुछ अलग ही संदेश दिया। इस सम्मान समारोह में सत्ताधारी पार्टी के नेताओं से लेकर चिकित्सक व शिक्षाविद तक मौजूद थे, लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग रखना भूल गए। बता दे कि नियमों के अनुसार अभी किसी भी जोन में सामाजिक समारोह करने की इजाजत नहीं है। सवाल यह उठता है कि आयोजकों ने लॉकडाउन के नियमों का पालन क्यों नही किया, ऐसे में कोई एक कोरोना संक्रमित हुआ तो इसका खामियजा कई लोगों को भुगतना पड़ सकता है।
सोमवार को कुंड आईटीआई में लॉकडाउन के दौरान मास्क बनाने वाली छात्राओं को सम्मानित करने के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। सम्मान समारोह के दौरान पूर्व पार्षद डॉ. अरविंद यादव, पूर्व चेयरमैन जीतू और भाजपा नेता जीवनराम गर्ग मौजूद थे। समारोह में एक दूसरे से सटे 20 से अधिक लोग दिखाई दे रहे हैं।
एक भी पॉजिटिव हुआ लापरवाही पड़ सकती है भारी
प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों के चलते जिला में सोमवार तक एक भी पॉजिटिव केस सामने नहीं आया है। जिलावासी भी यही उम्मीद करते हैं कि आगे भी कोई पॉजिटिव केस सामने न आए। लेकिन जिस तरह से कुुंड आईटीआई में सोशल डिस्टेंसिंग की अवेहलना की गई, यह चिंता की बात है। ऐसे में सवाल है कि कंटेनमेंट जोन में होने के चलते यदि इनमें एक भी व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया तो सभी को मुश्किल में डाल सकता है।
फोटो करते समय आ गई ज्यादा छात्राएं
कार्यक्रम में मौजूद पूर्व जिला पार्षद डॉ. अरविंद यादव ने कहा कि सोशल डिस्टेंस का ख्याल रखा गया था, फोटो शूूट करते समय छात्राएं अचानक वहां आ गई। सभी ने मुंह पर मास्क लगा रखे थे, एक-दूसरे से दूरी बनाने का आह्वान किया गया था।
सोशल डिस्टेंसिंग के लिए कराया था अवगत
कार्यक्रम में मौजूद ब्लॉक खोल भाजपा अध्यक्ष जीतू ने बताया कि आईटीआई परिसर में जाते ही पहले सभी को सोशल डिस्टेंस के बारे में बताया गया था। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सोशल डिस्टेंस का पूरी तरह से ख्याल रखा गया था।
प्रिंसिपल ने रखा गया था ध्यान बोलकर काट दिया फोन
कुंड आईटीआई के प्रिंसिपल रविंद्र यादव ने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखा गया था, लेकिन जब 20 लोगों के सटे होने के बारे में पूछा गया तो बिना कुछ कहे फोन काट दिया।
लापरवाही करने वालों पर होगी कार्रवाई
कुंड कंटेनमेंट जोन के ड्यूटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र सिंह ने बताया कि कंटेनमेंट जोन होने के चलते तहसील तक बंद की हुई है। ऐसे में इस तरह के कार्यक्रम करना गलत है। इससे सभी को नुकसान उठाना पड़ सकता है। कार्यक्रम की पूरी जानकारी डीईओ को भेज दी गई है। इस पर कार्रवाई की जाएगी।