रेवाड़ी। जिले में सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक ने ऋण अभियान का शुभारंभ किया है, जो 15 जून तक चलेगा। प्राथमिक क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इसके अंतर्गत आने वाले कृषि आधारित ऋण और एमएसएमई को केंद्र में रखते हुए इस अभियान को बैंक की सभी शाखाओं के माध्यम से चलाया गया है। रेवाड़ी क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक सीजे खुराना ने कार्यालय से अभियान की शुरुआत की और अपने क्षेत्र के अंतर्गत 90 शाखाओं को लक्ष्य आवंटित किए हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के अतिरिक्त उनकी आवधिक जरूरतों को पूरा करने के लिए ऋण उपलब्ध कराएं। कृषि भूमि की खरीद, ट्रैक्टर व कृषि औजार की खरीद, डेयरी, सिंचाई, ग्रामीण भण्डारण, शीतगृह, जैविक खेती, जल संरक्षण योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाओं के अंतर्गत किसान ऋण प्राप्त कर आसान किश्तों और लबी अवधी में उसे वापस कर सकते हैं। शाखा प्रबंधकों को संबोधित करते हुए कहा कि हस्तशिल्प, कढ़ाई, दवाइयां, फर्नीचर निर्माण, खिलौना निर्माण, चमड़ा उत्पाद, क्लिनिक, नर्सिंग होम, होटल, रेस्टोरेंट, ब्यूटी पार्लर, वाहन मरम्मत और खुदरा दुकान को अधिक से अधिक ऋण प्रदान कर इस अभियान को सफल बनाएं।