रेवाड़ी। मतदाता पहचान पत्र को आधार कार्ड से जोड़ने के लिए कवायद जारी है। इस क्रम में बावल नगर पालिका के सभागार में निर्वाचक पंजीयन अधिकारी ने अपने मातहत के साथ बैठक की। साथ ही जरूरी दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि अधिकारी 30 सितंबर तक मतदाता पहचान पत्र को आधार से जुड़वाना सुनिश्चित करें। इस उद्देश्य के लिए सभी बीएलओ 4 सितंबर को विशेष अभियान के तहत मतदान केंद्र पर मौजूद रहकर यह काम पूर्ण कराएंगे। इसमें बावल (अजा) विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के सभी बूथ लेवल अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में निर्वाचक पंजीयन अधिकारी विस बावल एवं एसडीएम बावल संजीव कुमार ने निर्देश दिए कि सभी बीएलओ गरुड़ एप के माध्यम से अपने मतदान केंद्र से संबंधित सभी मतदाताओं के मतदाता पहचान पत्र को आधार कार्ड से 30 सितंबर तक जुड़वाना सुनिश्चित करें। गरुड़ एप के संबंध में आने वाली किसी भी समस्या के समाधान के लिए जिला निर्वाचन विभाग की तकनीकी टीम से संपर्क किया जाएगा। एसडीएम संजीव ने इस बैठक में अनुपस्थित रहने वाले सभी बीएलओ के विरुद्घ अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी बीडीपीओ और सचिव नगर पालिका को आदेश दिए कि वे अपने - अपने क्षेत्र अनुसार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में इस काम को लेकर सार्वजनिक मुनादी कराएं ताकि अधिकाधिक लोग इसका फायदा ले सकें।उन्होंने आम जनता से अपील की कि 18 साल से अधिक आयु के जिस लोगों के नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, वे फार्म 6 को भरकर उसके साथ रंगीन फोटो, जन्म तिथि व रिहायश के दस्तावेज लगाकर अपने बीएलओ के पास या बीएलओ से वेरीफाई करवाकर जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा करवा दें।