कोसली। एसडीएम से शिकायत करने पर विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी कमल पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने गांव भाकली निवासी हिमांशु, गांव साल्हावास निवासी सोनू उर्फ डाकू उर्फ विक्की, रेलवे स्टेशन कोसली निवासी सत्येंद्र , सचिन उर्फ गोलू, विश्वकर्मा कॉलोनी कोसली निवासी सुखबीर उर्फ मोनू, आम्बोली निवासी दीपक, अजय व कृष्ण को गिरफ्तार किया है। इनमें से दीपक, हिमांशु, सचिन उर्फ गोलू और सोनू उर्फ डाकू उर्फ विक्की को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
आरोपी सत्येंद्र को पुलिस ने एक दिन के रिमांड पर लिया है। इसके अलावा आरोपी सुखबीर उर्फ मोनू, अजय और कृष्ण को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
एसपी कार्यालय के अनुसार विश्वकर्मा कॉलोनी कोसली निवासी कमल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनकी गली में रामकुमार की ओर से खोदी गई कुंई के धंसने से उनके मकान की दीवारों में दरारें आ गई थीं, जिसको लेकर विवाद चल रहा था।
इसी संबंध में वह 20 अगस्त को वह दोस्त रोहित के साथ गाड़ी में कोसली के एसडीएम कार्यालय में शिकायत देने गए थे। उनके पिता जयप्रकाश भी बाइक से वहां पहुंचे थे। शिकायत दर्ज कराने के बाद वे लौट रहे थे। तभी दोस्त दुष्यंत के वॉट्सएप पर सचिन उर्फ गोलू का कॉल आया, जिसने शिकायत के संबंध में बातचीत करने के लिए उन्हें कोसली बाईपास नहर पर बुलाया।
जब वह और उसके साथी बाईपास नहर पर पहुंचे, तो साल्हावास डिग की तरफ से तीन गाड़ियां आकर रुकीं। गाड़ियों में से लगभग 15-20 युवक उतरे, जिनमें सतेंद्र, हिमांशु, माणिक, सचिन उर्फ गोलू, कपिल, हर्ष, मोनू व अन्य शामिल थे।
आरोपियों ने आते ही लाठी-डंडों से उस पर और उसके साथियों पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर एकत्र हुई भीड़ ने उन्हें बचाया। जाते-जाते आरोपियों ने शिकायत वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दी। जांच के बाद पुलिस ने को गिरफ्तार कर लिया है।