फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: कोसली तहसील में महीनों से इंतकाल लंबित, पटवारी-गिरदावर के चक्कर काट रहे लोग

Wed, 11 Nov 2026 11:24 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
विज्ञापन
कोसली। प्रदेश सरकार भले ही लोगों को बेहतर सुविधाएं देने और राजस्व व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए विभिन्न कानून और ऑनलाइन सुविधाएं लागू कर रही हों, लेकिन कोसली तहसील में जमीन का इंतकाल दर्ज करवाना लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। यहां इंतकाल दर्ज करवाने के लिए लोगों को महीनों तक तहसील के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
विज्ञापन

एसडीएम विजय यादव की ओर से सख्ती बरतने के बाद भी इंतकाल की प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी नहीं हो पा रही है। इससे किसानों और आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
लोगों का आरोप है कि तहसील के पटवारी समय पर उपलब्ध नहीं होते। काफी मशक्कत के बाद यदि पटवारी इंतकाल से संबंधित कागजी कार्रवाई पूरी कर भी देते हैं तो फाइलें गिरदावर के स्तर पर लंबित रह जाती हैं।
विज्ञापन

ऐसे में लोगों को पटवारी और गिरदावर के बीच चक्कर काटने पड़ते हैं। वहीं, ऑनलाइन प्रक्रिया में आ रही दिक्कतें भी इंतकाल दर्ज होने में देरी का कारण बन रही हैं। इंतकाल दर्ज नहीं होने से जमीन से जुड़े कई जरूरी काम अटके हुए हैं। विशेषकर किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनवाने, बैंक से ऋण लेने और अन्य राजस्व संबंधी कार्यों में परेशानी हो रही है।
राजस्व विभाग के नियमों के अनुसार रजिस्ट्री के बाद एक सप्ताह के भीतर इंतकाल दर्ज कर संबंधित व्यक्ति को इसकी प्रति उपलब्ध कराई जानी चाहिए। हालांकि, लोगों का आरोप है कि कोसली तहसील में इस प्रक्रिया में महीनों लग रहे हैं।
क्षेत्र के किसानों का कहना है कि जब पटवारी स्तर पर कागजी कार्रवाई पूरी हो जाती है तो आगे की प्रक्रिया भी निर्धारित समय में पूरी होनी चाहिए। लोगों ने प्रशासन से लंबित फाइलों का जल्द निपटारा करवाने, ऑनलाइन प्रक्रिया को सरल बनाने और इंतकाल दर्ज करने के लिए समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।

महीनों से लगा रहे तहसील के चक्कर
नठेड़ा निवासी सुनील कुमार और भाकली बी निवासी जेपी ने बताया कि वे महीनों से कोसली तहसील के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी जमीन का इंतकाल दर्ज नहीं हो पाया है। पटवारी उन्हें गिरदावर के पास भेज देता है और गिरदावर दोबारा पटवारी के पास भेज देता है। रोजाना चक्कर लगाने के बावजूद काम नहीं हो रहा। जेपी यादव ने बताया कि उन्होंने फरवरी 2026 में अपने भाई से कुछ जमीन अपने नाम ट्रांसफर करवाई थी, लेकिन अभी तक इंतकाल दर्ज नहीं हुआ है। कभी जमाबंदी तो कभी ऑनलाइन प्रक्रिया में परेशानी का हवाला देकर उन्हें परेशान किया जा रहा है।

ऑनलाइन प्रक्रिया में तकनीकी दिक्कत : नेहा यादव
इस संबंध में राजस्व अधिकारी नेहा यादव ने बताया कि ऑनलाइन इंतकाल की प्रक्रिया में पीछे से ही तकनीकी गड़बड़ी आ रही है। इस बारे में लिखित रूप से विभाग के चंडीगढ़ कार्यालय को अवगत करवाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इंतकाल दर्ज करने में जानबूझकर देरी करने या गिरदावर की ओर से फाइलें लंबित रखने संबंधी कोई शिकायत उनके पास नहीं पहुंची है। इसके बावजूद वह इस मामले में सख्ती बरतेंगी और व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाएंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें