रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के अंतर्गत आयोजित अंतरमहाविद्यालय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में किशनलाल पब्लिक कॉलेज के खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण पदक जीते।
महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डॉ. रामबीर जाखड़ ने बताया कि बीते दिवस महाराजा अग्रसेन विद्यालय रेवाड़ी की मेजबानी में अंतरमहाविद्यालय बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इसमें केएलपी कॉलेज के लवकेश ने 54 किलो भारवर्ग, करण वत्स ने 57 किलो भारवर्ग, विपिन वत्स ने 63 किलो भार वर्ग और प्रियंका ने 48 भार किलो वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विज्ञापन
महाविद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य डॉ. कविता गुप्ता ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रदर्शन करते रहने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर स्पोर्ट्स बोर्ड के सभी पदाधिकारी डॉ. नरेश दुग्गल, राकेश सिंघल, डॉ. संजय कुमार, क्रिकेट कोच संस्कार और प्रदीप अहलावत उपस्थित रहे।
महाविद्यालय प्रबंधकारिणी अध्यक्ष अशोक सोमाणी, महासचिव कपिल कुमार गोयल और कोषाध्यक्ष अजय गुप्ता ने इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों तथा उनके कोच राजेश रुक्का व विकास यादव को बधाई दी है।