संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। होली के नजदीक आते ही बाजारों में दुकानों पर विभिन्न डिजाइन और आकृतियों की पिचकारियां सज गई हैं। इस बार इलेक्ट्राॅनिक पिचकारियां बच्चों को ज्यादा भा रही हैं। इनमें कार्टून, टैंक, गन और मोटराइज्ड पिचकारियां शामिल हैं। बैटरी चालित इलेक्ट्राॅनिक पिचकारियां रंग, रंगीन धुआं और विभिन्न रंगों का गुलाल फेंक रही हैं।
दुकानदारों का कहना है कि इस बार वाटर बबल गन, स्मॉक इफेक्ट वाटर गन, म्यूजिकल वाटर गन, सेल्फ-फिलिंग वाटर बैलून, हाई-प्रेशर ब्लास्ट पिचकारी और बैकपैक वाटर टैंक पिचकारी की खूब मांग है। इसके साथ ही इस साल पिचकारियों की वैरायटी बढ़ गई है। पहले साधारण प्लास्टिक की पिचकारियां ज्यादा बिकती थीं, लेकिन अब बड़े टैंक वाली पिचकारियां, बैकपैक पिचकारी और हाई-प्रेशर गन पिचकारी अधिक पसंद की जा रही है। इनकी कीमत 350 रुपये है। बच्चे और उनके माता-पिता खास डिजाइन जैसे बार्बी, फौजी, निंजा हथौड़ी और डोरेमान कार्टून पर आधारित पिचकारी अधिक खरीद रहे हैं।
दुकानदार सुरेश चंद ने बताया कि इस बार बाजार में इलेक्ट्रॉनिक पिचकारियां, गन, टैंक, अनार, रंगों के पटाखे आदि आए हैं, जिनमें बैटरी डाली जाती है, जो रिचार्जेबल भी है, एक बार बटन दबाते ही ये गननुमा पिचकारियां रंग, गुलाल फेंकने लगती हैं। बच्चे इसे आसानी से चला सकते हैं, इसलिए इनकी मांग होली से पहले बढ़ चुकी है।
लड्डू गोपाल के आकार की पिचकारी आकर्षण का केंद्र
दुकानदार गोपाल ने बताया कि इस बार होली पर अन्य पिचकारी के साथ-साथ लड्डू गोपाल के मॉडल में भी एक छोटी सी पिचकारी आई है, जो इस साल सबसे खास है। यह पिचकारी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। उन्होंने बताया कि इस बार कुछ नए डिजाइन वाली पिचकारियां खासकर मोटराइज्ड और प्रेशर वाली पिचकारियां बच्चों को बहुत पसंद आ रही हैं जिनकी कीमत 250 से 300 रुपये में उपलब्ध है। साथ ही म्यूजिकल वाटर गन की भी खूब मांग है।
-
एक नजर में बाजार की कीमतें:
स्पाइडरमैन पिचकारी : 350 प्रति पीस
पिचकारी (छोटी) : 10-20 प्रति पीस
मछली पिचकारी: 60-100 प्रति पीस
पंप पिचकारी: 20-30प्रति पीस
इलेक्ट्रॉनिक पिचकारी : 150250 प्रति पीस
लड्डू गोपाल पिचकारी : 100-200 प्रति पीस
....