शहर के झज्जर रोड स्थित पुल के निकट कार व बाइक पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने एक व्यक्ति से मारपीट कर नकदी छीन ली तथा अपहरण कर अपने साथ ले गए। बाद में बदमाश पीड़ित को टीपी स्कीम कालोनी के निकट फेंक कर फरार हो गए। शहर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को काबू भी कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव नांधा निवासी जितेंद्र ने बताया कि वह वर्तमान में अपने परिवार के साथ मोहल्ला आनंद नगर में किराए पर रहते है। वह सोमवार की शाम को किसी काम से झज्जर रोड पर गए थे। पुल के निकट वह एक परचून की दुकान के सामने खड़े हुए थे। इसी दौरान सती कालोनी निवासी लियोन उर्फ लिटिल, गोल चक्कर निवासी सुमित उर्फ जिम्मी व संघी का बास निवसी जयकिशन उर्फ गोलू आल्टो कार में व सरस्वती विहार निवासी नवीन उर्फ फूला बाइक पर वहां पहुंचे तथा जेब से रुपये निकालने की धमकी दी। आरोपियों ने मारपीट कर उनकी जेब से 23 हजार रुपये छीन लिए तथा उठा कर अपनी कार में डाल लिया। कुछ देर घुमाने के बाद आरोपी उन्हें टीपी स्कीम कालोनी के निकट छोड़ गए। आरोपियों ने इस बारे में किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों के चुंगल से छूटने के बाद जितेंद्र ने शहर थाना पुलिस को आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट व अपहरण का मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को काबू कर लिया है।