धारूहेड़ा। गांव भटसाना के डेयरी फार्म में युवक निसार की हत्या के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने नाबालिग के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। पुलिस ने उसे जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया, जहां से बाल सुधार गृह फरीदाबाद भेज दिया गया।
एसपी कार्यालय की विज्ञप्ति के अनुसार छह सितंबर को भटसाना स्थित डेयरी फार्म में शव दबाए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक टीम और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खुदाई कराई। यहां से दमदमा निवासी 28 वर्षीय युवक निसार का शव बरामद हुआ था।
मृतक के पिता जमील की शिकायत पर आठ सितंबर को हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस मामले में कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त डंडा, एक गाड़ी और बाइक बरामद की जा चुकी है।