संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर के मोहल्ला महावीर नगर में चोर दिनदहाड़े सेवानिवृत्त नेवी अधिकारी के घर में सेंध लगा कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 73400 रुपये की नकदी चोरी कर ले गए।
मॉडल टाउन थाना पुलिस को दी शिकायत में शहर के मोहल्ला महावीर नगर निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि वह नेवी से रिटायर्ड हैं और महावीर नगर में अपनी पत्नी संतोष व दामाद मनदीप तंवर के साथ रहते हैं। बीती सुबह जब वह दवाई लेने के लिए गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में गए। उनकी पत्नी व दामाद घर को बंद कर अपनी-अपनी ड्यूटी पर चले गए थे। जब वह दोपहर बाद घर पर पहुंचे तो घर के मेन गेट का ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर कमरों व अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर से चोर 1 सोने की चेन, 2 जोड़ी कानों की झुमकी, 3 सोने की अंगूठी, 6 जोड़ा चांदी की पायजेब, 6 चांदी के सिक्के, चांदी की लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों व 73400 रुपये की नगदी चोरी कर ले गए हैं। सूचना के बाद पुलिस व फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।