धारूहेड़ा। गांव महेश्वरी स्थित कृष्णकुंज में एक घर का ताला तोड़कर चोर गहने और नकदी चोरी कर ले गए। घर का मुखिया अस्पताल में भर्ती होने की वजह से यहां कोई भी सदस्य नहीं था। इतना ही नहीं चोर घर के बाहर खड़ी बाइक भी चोरी कर ले गए। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यूपी के अमरोहा जिला निवासी महिला नीरज चौहान ने बताया कि फिलहाल वह धारूहेड़ा के गांव महेश्वरी स्थित कृष्णकुंज में परिवार के साथ रहती हैं। उनके पति गजेन्द्र बीमार होने के कारण उन्हें साथ लगते राजस्थान के भिवाड़ी कस्बा में अस्पताल में भर्ती कराया हुआ है। घर के मेन गेट पर ताला लगाकर अस्पताल में ही गई थीं।
नीरज चौहान के अनुसार चोरों ने उनके मेन गेट का ताला तोड़ दिया और घर के अंदर कमरे में रखे डबल बेड में छिपाकर रखे सोने का मंगलसूत्र, सोने की चेन, सोने की अंगूठी, 2 जोड़ी पाजेब, एक इन्वर्टर-बैटरी, सोने की कान की बाली, सोने का एक ओम के अलावा करीब 5 हजार रुपये कैश चोरी कर लिया। इतना ही नहीं चोर उनके मकान के बाहर गली में खड़ी धर्मेन्द्र की बाइक भी चोरी कर ले गए।
घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ देख किसी ने उन्हें सूचना दी। सूचना के बाद नीरज मौके पर पहुंची और पुलिस को जानकारी दी। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। साथ ही नीरज चौहान की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल चोरों का सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच करने में जुटी है।