रेवाड़ी। जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से आयोजित बाल महोत्सव-2026 के दूसरे दिन वीरवार को समूह नृत्य, फन गेम्स, फैंसी ड्रेस, क्विज, बेस्ट ड्रामेबाज और कार्ड मेकिंग प्रतियोगिताएं हुईं। बेस्ट ड्रामेबाज में यति, भाषण में इशिका और कार्ड मेकिंग स्पर्धा में वैभवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मकता व हुनर का परिचय दिया। बाल कल्याण समिति की चेयरपर्सन श्रुति शर्मा ने कहा कि बाल महोत्सव बच्चों की प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें निखारने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण मंच है।
ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे सभी प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लें।
प्रतियोगिताओं का शुभारंभ जिला बाल कल्याण अधिकारी वीरेंद्र यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। महोत्सव में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर खूब वाहवाही बटोरी।
समूह नृत्य प्रतियोगिता में आरपीएस पब्लिक स्कूल हंसाका प्रथम, कैनाल वैली पब्लिक स्कूल बर्ली खुर्द द्वितीय और सैनी पब्लिक स्कूल रेवाड़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
लड़कों की फन गेम्स में आरपीएस पब्लिक स्कूल हंसाका के नमन प्रथम, स्वामी विवेकानंद स्कूल गुरावड़ा के हिमांशु द्वितीय और केरल पब्लिक स्कूल जैत्रावास के देवेश तृतीय रहे।
लड़कियों की फन गेम्स में आरपीएस पब्लिक स्कूल हंसाका की साक्षी प्रथम, केरल पब्लिक स्कूल जैत्रावास की याशिका फोगाट द्वितीय और सर्व हिंद पब्लिक स्कूल गुरावड़ा की मिष्टी तृतीय रहीं। फैंसी ड्रेस में हियान प्रथम, माधव द्वितीय और भव्या तृतीय रहीं।
बेस्ट ड्रामेबाजी में यति प्रथम, शायरा द्वितीय और जैनीशा तृतीय रहीं। भाषण प्रतियोगिता में इशिका प्रथम, रितिका द्वितीय और हर्षित यादव तृतीय रहे। कार्ड मेकिंग में डॉन बॉस्को स्कूल की वैभवी प्रथम, आरपीएस इंटरनेशनल स्कूल के जापनीत द्वितीय और केरल पब्लिक स्कूल की सुहानी तृतीय रहीं।
जिला बाल कल्याण अधिकारी वीरेंद्र यादव ने बताया कि 23 अक्तूबर को बाल महोत्सव के तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें सोलो डांस, पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग, क्ले मॉडलिंग और अन्य गतिविधियां शामिल होंगी।
उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चे खेल भावना और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लें तथा अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करें। कार्यक्रम के दौरान बाल कल्याण समिति की चेयरपर्सन श्रुति शर्मा, चेयरपर्सन एकता कौशिक, समिति सदस्य बलजीत, बाल कल्याण समिति के सदस्य, विभिन्न स्कूलों के प्रतिनिधि और बाल भवन का स्टाफ मौजूद रहा।
आयोजकों के अनुसार, बाल महोत्सव का उद्देश्य बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उनके व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना है। गुरुवार को आयोजित प्रतियोगिताओं के परिणाम भी जारी किए गए।
हरियाणवी नृत्य की प्रस्तुति देते प्रतिभागी। स्रोत: प्रशासन