संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। डीसी अभिषेक मीणा ने वीरवार को लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समाधान शिविर में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होेंने बुद्ध विहार में पेयजल की व्यवस्था कराने और गांव भाड़ावास में सीवर लाइन की सफाई कराने के निर्देश दिए।
डीसी अभिषेक मीणा के सामने जलपूर्ति, पहचान पत्र में नाम दर्ज कराने, पेंशन, सामाजिक सुरक्षा, राशन कार्ड, नगर परिषद से संबंधित और राजस्व मामलों से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समस्याओं का निदान करने के निर्देश दिए।
इनमें से कई समस्याओं की मौके पर ही कार्रवाई शुरू करते हुए नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया गया। डीसी ने गांव भाड़ावास में नाले की सफाई कराने का निर्देश संबंधित अधिकारी को दिया। उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि मयूर विहार में सीवर लाइन ब्लॉक को ठीक कराएं।
उन्होंने खोरी गांव में रास्ते पर अवैध कब्जा व नया गांव दौलतपुर में मंदिर व जोहड़ पर अवैध कब्जा हटवाने के संबंधित अधिकारी को कार्रवाई करने को कहा। तुर्की आवास से रोजका रोड पर कृषि भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग की जांच के लिए जिला नगर योजनाकार अधिकारी को निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर एडीसी राहुल मोदी, एसडीएम सुरेश कुमार, सीटीएम जितेन्द्र कुमार, डीएसपी पवन कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सारवान सहित सभी विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।