रेवाड़ी। डायट हुसैनपुर में चल रहे विशेष प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण शनिवार को एससीईआरटी गुरुग्राम के प्रशिक्षण विंग प्रभारी डॉ. मधुप कुमार ने किया। उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति, प्रशिक्षण की गुणवत्ता और व्यवस्था का जायजा लिया।
डॉ. मधुप कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए बल्कि इसका उद्देश्य कर्मचारियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना है। शिक्षा विभाग की व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में ग्रुप-डी कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए उनके कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने मास्टर ट्रेनर्स को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को फाइलों के सही रखरखाव, विभागीय डाक के समयबद्ध आदान-प्रदान, कार्यालयीन अनुशासन और दैनिक कार्यों के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी जाए। साथ ही प्रशिक्षण के बाद सीखी गई बातों को विभागीय कार्यों में लागू करने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के बाद डायट प्रभारी डॉ. विजय सिंह ने प्रशिक्षण गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान मास्टर ट्रेनर्स अशोक कुमार यादव, सत्यपाल यादव, हवा सिंह, डॉ. संगीता यादव और बबीता को प्रशिक्षण को और अधिक परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश दिए गए।