रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी (आईजीयू) में छात्र राजनीति एक बार फिर सक्रिय होती नजर आ रही है। इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (इनसो) की ओर से शुक्रवार को सुबह साढ़े 11 बजे विश्वविद्यालय के कल्पना चावला ऑडिटोरियम में भव्य छात्र संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान वे छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और संगठन की आगामी रणनीति से अवगत कराएंगे। इनसो के राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट सतेंद्र झाबुआ ने बताया कि यह कार्यक्रम छात्रों को अपनी आवाज उठाने का सशक्त मंच प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल सुनने तक सीमित नहीं रहना चाहता बल्कि अपनी समस्याओं का समाधान भी चाहता है। उन्होंने बताया कि संगठन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में छात्र संघ चुनावों की बहाली को लेकर माहौल तैयार करना है। इसी कड़ी में दिग्विजय सिंह चौटाला विभिन्न विश्वविद्यालयों का दौरा कर रहे हैं और छात्रों से संवाद स्थापित कर रहे हैं।