रेवाड़ी। संक्रमण की दर लगातार कम हो रही है। 14 अप्रैल के बाद शनिवार को सबसे कम 13 संक्रमित मिले हैं। वहीं 30 लोगों ने कोरोना को मात दी है। इसके चलते अब कोविड सक्रिय मरीजों की संख्या भी घटकर 251 पर पहुंच गई है। हालांकि शनिवार को कोविड से दो लोगों की मौत भी दर्ज की गई है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार जिले में शनिवार को कोरोना संक्रमण के 13 नए मामले आए हैं। इसके साथ ही यहां संक्रमण के कुल 251 सक्रिय केस हो गए हैं। इनमें से 196 नागरिक होम आइसोलेट हैं। जिले में शनिवार आरटी-पीसीआर व रैपिड एंटिजन के कुल 1690 सैंपल लिए गए। जिले में अब तक ब्लैक फंगस के 27 संदिग्ध मामले सामने आए हैं। साथ ही अब तक 2 लाख 31 हजार 62 लोगों को कोविड वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
सीएमओ ने किया पीएचसी डहीना का निरीक्षण
सीएमओ डॉ. कृष्ण कुमार ने शनिवार को पहली बार डहीना पीएचसी का निरीक्षण किया। उन्होंने कोविड-19 टीकाकरण टीम से बात की और निर्देश दिए कि टीकाकरण सुचारु रूप से हो। उन्होंने लेबर रूम व लैब की भी जांच की। सीएमओ पीएससी डहीना की साफ-सफाई से खुश नजर आए। पीएचसी डहीना पर टीकाकरण के लिए भारी भीड़ आती है। इसके चलते सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो पा रहा था। यहां कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर मंजीत यादव ने अपने निजी खर्चे से बांस बल्ली लगवाई है। इस कार्य के लिए सीएमओ ने डॉक्टर अमन व नर्सिंग ऑफिसर मंजीत यादव व पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि उनका यह कार्य बेहतरीन है। इस अवसर पर डॉक्टर इंदिरा, मंजीत यादव, श्रद्धानंद, राजू व नचिता आदि मौजूद रहे।
तीसरी लहर के लिए तैयारी शुरू
कोरोना की तीसली लहर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। इसको लेकर सीएचसी व पीएचसी स्तर पर भी बच्चों के लिए अलग से बड़े की व्यवस्था की जाएगी। सीएमओ की ओर से लगातार इसको लेकर निरीक्षण भी किया जा रहा है। नागरिक अस्पताल में जहां 15 बेड का एसएनसीयू व सीसीयू उपलब्ध है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं। हालांकि अभी तक बच्चों के मामले नहीं आ रहे हैं, लेकिन लोगों को सतर्कता बरतनी चाहिए। सावधानी से कोरोना को मात दी जा सकती है।
कोविड नोडल अधिकारी डॉ. विजय प्रकाश ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण की दर लगातार कम हो रही है। प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग जिले के लोगों के सहयोग से कोरोना के मामलों को शून्य पर लाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन दी गई ढील के दौरान लोगों से सामाजिक दूरी व मास्क पालन करने की अपील की जाती है।