कोसली। राजीव गांधी खेल परिसर कोसली में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। एसडीएम विजय कुमार यादव ने अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
लघु सचिवालय परिसर में आयोजित बैठक में एसडीएम विजय कुमार यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश का गौरवपूर्ण राष्ट्रीय पर्व है। इसके सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठा और समयबद्ध तरीके से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि समारोह में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
बैठक में एसडीएम ने शिक्षा विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश कास्वां ने बताया कि विद्यार्थियों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम तैयार किए जा रहे हैं। एसडीएम ने बीईओ को मुख्य मंच के सामने आकर्षक रंगोली बनवाने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को समारोह स्थल पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने और सड़क मार्ग को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। वहीं मार्केट कमेटी सचिव को जलपान और फोटोग्राफी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बीडीपीओ को आयोजन स्थल और शहीद स्मारक की सफाई व्यवस्था कराने के साथ-साथ परिसर में रंग-बिरंगे झंडे लगवाने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने पुलिस विभाग को परेड, ध्वजारोहण और यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने बताया कि 13 अगस्त को समारोह की अंतिम रिहर्सल करवाई जाएगी, ताकि कार्यक्रम को बेहतर तरीके से आयोजित किया जा सके।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग, दमकल विभाग, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, बिजली वितरण निगम और जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों को भी उनकी जिम्मेदारियां दी गईं। सभी विभागों को समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश कास्वां, सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी सत्यप्रकाश मेहता, कृषि अधिकारी नवीन कुमार, मार्केट कमेटी से नरोत्तम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।